महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी राष्ट्रपति मुर्मू

नई दिल्ली, 14 सितम्बर (यूआईटीवी/आईएएनएस)| राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 सितंबर को लंदन में महारानी एलिजाबेथ (द्वितीय) के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए मुर्मू 17 से 19 सितंबर तक लंदन के दौरे पर रहेंगी।

ब्रिटेन की पूर्व राष्ट्राध्यक्ष और राष्ट्रमंडल राष्ट्र की प्रमुख महारानी एलिजाबेथ का 8 सितंबर को निधन हो गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महारानी एलिजाबेथ के निधन पर शोक व्यक्त किया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत की संवेदना व्यक्त करने के लिए 12 सितंबर को नई दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग का दौरा किया। भारत ने रविवार (11 सितंबर) को राष्ट्रीय शोक का दिन भी मनाया।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया था, “महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। उनके निधन से दुखी हूं।”

विदेश मंत्रालय ने एक ब्यान में कहा, “महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 वर्षो के शासनकाल में, भारत-ब्रिटेन के संबंध बहुत विकसित और मजबूत हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *