मेलबर्न, 25 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- वेस्ट इंडीज के प्रमुख कोच फिल सिमंस टीम के ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन और पहले राउंड में बाहर हो जाने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। दो बार की चैंपियन टीम पहले चरण में स्कॉटलैंड और आयरलैंड से हार जाने के बाद बाहर हो गयी। उसकी एकमात्र जीत जिम्बाब्वे के खिलाफ 31 रन से रही।
विंडीज ग्रुप बी में चौथे और आखिरी स्थान पर रहा और वह सुपर-12 में जाने में नाकाम रहा।
सिमंस ने सोमवार रात क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) द्वारा जारी बयान में कहा, “मैं स्वीकार करता हूं कि न केवल टीम बल्कि हम जिन गर्वित राष्ट्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन सभी को चोट पहुंची है। यह निराशाजनक और दिल दहला देने वाला है लेकिन हम (मैदान पर) काफी अच्छे नहीं थे और अब हमें अपनी भागीदारी के बिना एक टूर्नामेंट को होते देखना होगा। यह अस्वीकारणीय है और इसके लिए मैं अपने प्रशंसकों से गहराई से माफी मांगता हूं।”
2016 में वेस्टइंडीज को टी20 विश्व कप खिताब दिलाने वाले सिमंस ने अक्टूबर 2019 में दूसरी बार प्रमुख कोच का पद संभाला। उनके कार्यकाल में टेस्ट टीम ने सफलता अर्जित की है लेकिन टी20 टीम की कहानी कुछ और ही है। पिछले दो टी20 विश्व कपों में टीम ने आठ में से केवल दो मैचों में जीत दर्ज की।
सिमंस ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 30 नवंबर से पर्थ में शुरू हो रही आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पद पर बने रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वह विश्व कप से बाहर होने के लिए सीडब्ल्यूआई के पोस्टमॉर्टम में भी भाग लेंगे।
सिमंस ने कहा कि वह टूर्नामेंट से पहले अपनी स्थिति पर विचार कर रहे थे। उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत नजरिए से यह अचानक होने वाली प्रतिक्रिया नहीं है बल्कि एक ऐसा कदम है जिस पर मैं कुछ समय से विचार कर रहा हूं। अब यह सार्वजनिक करने का समय है कि मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के अंत में वेस्टइंडीज के मुख्य कोच के रूप में पद छोड़ दूंगा।” 59 वर्षीय सिमंस का आखिरी कार्यभार 30 नवम्बर से 12 दिसम्बर तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी।
उन्होंने आगे कहा, “यह उम्मीद से पहले था लेकिन अब मैं ऑस्ट्रेलिया में अपनी ऊर्जा टेस्ट टीम की उत्कृष्ट प्रगति को जारी रखने पर केंद्रित करूंगा। बेशक, जैसा कि अध्यक्ष ने बताया है, हम हमारे विश्व कप अभियान की आवश्यक समीक्षा भी करेंगे।”
सीडब्ल्यूआई के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने कहा, “सीडब्ल्यूआई की ओर से, मैं वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए फिल को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने मैदान पर और मैदान से बाहर हमारे युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने में प्रेरणा की कोई कमी नहीं की। हम उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
