सरारी के जाने के बाद पंजाब में नए मंत्री ने ली शपथ, विभागों में फेरबदल

चंडीगढ़, 7 जनवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- पंजाब के बागवानी मंत्री फौजा सिंह सरारी के शनिवार को इस्तीफे के बाद बलबीर सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली और उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आवंटित किया गया। पटियाला ग्रामीण से विधायक बलबीर सिंह पेशे से आंखों के सर्जन हैं। नई नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी विभागों का पुनर्आवंटन किया है।

स्वास्थ्य विभाग का प्रभार संभाल रहे चेतन सिंह जौरामाजरा को उन सभी विभागों का प्रभार दिया गया है जो सरारी के पास थे, जबकि उच्च शिक्षा विभाग गुरमीत सिंह मीत हायर से लेकर हरजोत बैंस को दिया गया है। बैंस के खान और भूविज्ञान विभाग हेयर को दे दिए गए।

जबरन वसूली के मामले में नाम सामने आने के बाद सरारी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था, वह 9 महीने पुरानी आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से इस्तीफा देने वाले दूसरे मंत्री है। इससे पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रहे विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में कैबिनेट से हटा दिया गया था।

सारारी को जुलाई 2022 में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। हालांकि, सितंबर में एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें उन्हें कथित तौर पर खाद्यान्न ट्रांसपोर्टरों को फंसाने के लिए जबरन वसूली की योजना पर चर्चा करते सुना गया था। ऑडियो क्लिप को उनके करीबी सहयोगी तरसेम लाल कपूर ने लीक किया था।

सारारी हमेशा कहते रहे हैं कि ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़ की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *