एथलेटिक बिल्बाओ और रियाल मैड्रिड सेमीफाइनल में

कोपा डेल रे : एथलेटिक बिल्बाओ और रियाल मैड्रिड सेमीफाइनल में

मैड्रिड(स्पेन), 27 जनवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- रियाल मैड्रिड और एथलेटिक क्लब बिल्बाओ ने अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले जीतकर कोपा डेल रे फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रियाल मैड्रिड और बिल्बाओ ने क्रमश: एटलेटिको मैड्रिड और वेलेंशिया को हराया।

रियाल मैड्रिड ने गुरूवार रात एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए एटलेटिको के खिलाफ जीत हासिल की। पूर्व रियाल मैड्रिड स्ट्राइकर अल्वारो मोराटा ने गोल कर एटलेटिको को बढ़त दिलाई।

रोड्रिगो के 79वें मिनट के गोल ने मैच को अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया। अतिरिक्त समय में एटलेटिको के पास 10 खिलाड़ी रह गए जब स्टीफन सेविच को दो पीले कार्ड के कारण बाहर भेजा गया।

करीम बेंजेमा ने 103वें मिनट में मार्कोस एसेंसियो के क्रॉस को गोल में पहुंचाकर मैच जीत लिया।

विनिसियस जूनियर ने आखिरी मिनट में रियाल मैड्रिड का तीसरा गोल किया।

इससे पहले एथलेटिक क्लब ने वेलेंशिया को 3-1 से हराकर चार वर्षों में पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

बुधवार को एफसी बार्सिलोना ने रियल सोसिएदाद को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी थी। दूसरे क्वार्टरफाइनल में ओसासुना ने सेविला को अतिरिक्त समय में 2-1 से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *