मुंबई, 17 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस 18 फरवरी को राजभवन में पद की शपथ लेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। झारखंड के राज्यपाल 75 वर्षीय बैस को पिछले रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त कर दिया था। राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (80) का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार सुबह राजभवन में विदाई के एक दिन पहले कोश्यारी से मुलाकात की। उन्हें सितंबर 2019 में महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
कोश्यारी ने दिन में पहले दक्षिण मुंबई में मुंबादेवी और श्री बाबुलनाथ के मंदिरों में जाकर पूजा की।

शुक्रवार को राजभवन के कर्मचारियों ने निवर्तमान राज्यपाल को भावभीनी विदाई दी।
शुक्रवार दोपहर बाद, कोश्यारी को देहरादून के लिए उड़ान भरने से पहले भारतीय नौसेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक विदाई दी जाएगी।
