भारतीय वायुसेना का मिग-21 राजस्थान में दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत

भारतीय वायुसेना का मिग-21 राजस्थान में दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत

जयपुर, 8 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)- भारतीय वायुसेना का मिग-21 सोमवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। भारतीय वायुसेना ने एक बयान में यह जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त मिग-21 सिंगल सीटर विमान था, जिसने सूरतगढ़ एयर बेस से उड़ान भरी थी। कुछ मिनटों के बाद, पायलट द्वारा एक तकनीकी खराबी की सूचना दी गई, जो सुरक्षित रूप से बाहर निकल आया।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पायलट को एयरलिफ्ट कर लिया गया है।

हालांकि, इस घटना में दो ग्रामीणों की मौत हो गई।

घटना के वक्त एक गांव में तीन महिलाएं और एक पुरुष अपने घर की छत पर थे।

हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और पुरुष घायल हो गए।

घटना की पुष्टि करते हुए, आईएएफ ने ट्वीट किया, ”आईएएफ का एक मिग -21 विमान आज सुबह एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान सूरतगढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इस दौरान पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया। उसे मामूली चोटों आई हैं।”

दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच टीम गठित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *