नई दिल्ली, 25 सितंबर (युआईटीवी)- आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की न्यायिक हिरासत 5 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। विजयवाड़ा की एक अदालत द्वारा इस आदेश को पारित किया गया। रविवार को नायडू की हिरासत समाप्त हुई,उसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहाँ जज ने 11 दिनों की उनकी हिरासत बढ़ा दी है।
टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। आंध्र प्रदेश पुलिस सीआईडी अधिकारियों की एक टीम ने टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार में इस मामले में पूछताछ पूरी की।
इस मामले में पूछताछ पूरी करने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोर्ट ने सीआईडी को टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की दो दिन की हिरासत दी थी। यह दो दिन 23 और 24 सितंबर थी। सीआईडी अधिकारियों ने अदालत के आदेशों का पालन करते हुए 23 और 24 सितंबर को टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से पूछताछ की गई। पूछताछ का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक का था। जिसमें टीडीपी प्रमुख को नियमित रूप से अपने वकील से परामर्श लेने हेतु पाँच मिनट का ब्रेक दिया गया था।
9 सितंबर को टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा था कि उन्होंने कौशल विकास निगम के धन का गलत तरीके से इस्तेमाल किया है। जिसके कारण ₹300 करोड़ से अधिक का नुकसान राज्य के खजाने को को भुगतना पड़ रहा है।
चंद्रबाबू नायडू ने कौशल विकास निगम घोटाला मामले में उनके खिलाफ किए गए एफआईआर को रद्द करने के लिए याचिका दी थी । जिसे आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने ख़ारिज कर दिया। इसे चंद्रबाबू नायडू ने चुनौती दिया और भारत के सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया ।
