भाजपा

22 मार्च को भाजपा उम्मीदवारों की तीसरी सूची को लेकर हो सकती है केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक

नई दिल्ली,20 मार्च (युआईटीवी)-  22 मार्च को भाजपा उम्मीदवारों की तीसरी सूची को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने की संभावना है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर होने वाली बैठक की अध्य्क्षता भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे और इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे,जिसमें उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट पर मुहर लगाई जाएगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,22 मार्च,शुक्रवार को चुनाव समिति की होने वाली बैठक में पार्टी की कोशिश है कि लगभग 150 उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी जाए।जिससे चुनाव के प्रचार के लिए उम्मीदवारों को अधिक-से-अधिक समय मिल सकें।

इन्हीं कारणों से जेपी नड्डा और अमित शाह पिछले दो दिनों से देर रात तक विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों सहित प्रदेश कोर कोर कमेटी के नेताओं के साथ मैराथन बैठक कर रहे हैं।

सोमवार देर रात तक दोनों नेताओं ने राजस्थान,उत्तर प्रदेश,महाराष्ट्र,हरियाणा,गुजरात,ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल कोर कमेटी के नेताओं के साथ बैठक की,तो कर्नाटक,केरल,राजस्थान, सिक्किम,ओडिशा और आंध्र प्रदेश सहित अन्य कई राज्यों के कोर कमेटी के नेताओं के साथ उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा करने हेतु मंगलवार देर रात तक बैठक की।

अमित शाह और जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को बैठक करने से पूर्व लोकसभा चुनाव की तैयारियों और उम्मीदवारों के नाम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रधानमंत्री आवास पर जाकर चर्चा की।

बताया जा रहा है कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जो 22 मार्च,शुक्रवार को होने वाली है,उसमें विभिन्न राज्यों जैसे-उत्तर प्रदेश,बिहार,महाराष्ट्र,राजस्थान,हरियाणा,पश्चिम बंगाल,गुजरात, कर्नाटक,केरल,आंध्र प्रदेश,सिक्किम इत्यादि राज्यों के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जा सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *