नई दिल्ली,22 मार्च (युआईटीवी)- दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाले के एक मामले में उनके आधिकारिक आवास पर दो घंटे की पूछताछ और तलाशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान केजरीवाल के आवास पर ईडी के संयुक्त निदेशक कपिल राज मौजूद थे।
ईडी की टीम ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर ए.पी.जे पर अब्दुल कलाम रोड स्थित अपने दफ्तर ले आई है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केजरीवाल को धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके आवास से ईडी की टीम ने गुरुवार रात 11 बजे वित्तीय जाँच एजेंसी के कार्यालय ले आई। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को एजेंसी के कार्यालय के आसपास तैनात किया गया है और आसपास बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पूरे इलाके में निषेधाज्ञा भी लागू कर दी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,आज रात केजरीवाल ईडी लॉकअप में रहेंगे। केजरीवाल से जाँचकर्ता और पूछताछ कर सकते हैं। उन्हें अदालत में मेडिकल जाँच के बाद पेश किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार,केजरीवाल की हिरासत पाने के लिए ईडी की कानूनी टीम अदालत में पेश की जाने वाली रिमांड अर्जी भी तैयार कर रही है।
इससे पूर्व,केजरीवाल की ‘जबरन कार्रवाई’ से सुरक्षा की माँग वाली याचिका को दिल्ली उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी थी,जिसके कुछ घण्टों के बाद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया।
उन्हें बार-बार जाँच एजेंसी ने समन भेजा था,लेकिन वे पेश नहीं हो रहे थे। अभी तक सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली है।
आम आदमी पार्टी सरकार के तीन मंत्री मनीष सिसोदिया,सत्येंद्र जैन,संजय सिंह इस कानून के तहत पहले से ही जेल में बंद हैं।
