UP People shivered due to cold wave.

शीत लहर के प्रकोप के बीच बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान

नई दिल्ली, 7 जनवरी, (युआईटीवी/आईएएनएस)| पूरे उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भीषण ठंड और शीत लहर का प्रकोप के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश और बूंदाबांदी के अनुमान जताया है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली एनसीआर में आज शीतलहर की स्थिति बनी हुई है लेकिन घना कोहरा कम हो गया है। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश में भी तीव्र शीतलहर जारी है। हालांकि घने कोहरे में थोड़ी कमी आई है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ आरके जेनामणि ने कहा पश्चिमी विक्षोभ के चलते 7 और 8 जनवरी और 10 और 11 जनवरी के आसपास बारिश और बूंदाबांदी होने की उम्मीद है जिससे न्यूनतम तापमान बढ़ने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि उत्तर भारत में बर्फबारी और बफीर्ली हवाओं के चलते गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। दिल्ली में गुरुवार को 2.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।दिल्ली के आयानगर व रिज केंद्र पर न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले दो साल में यह जनवरी का न्यूनतम तापमान है। पंजाब-हरियाणा में शीतलहर को प्रकोप है तो यूपी के 35 जिलों में शीतलहर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी ने शुक्रवार को राजस्थान के बीकानेर में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जबकि चूरू में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के नौगोंग, छतरपुर जिले में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के बारां जिले में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं गुजरात के 4 शहरों में तापमान 11 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया। अहमदाबाद सहित पूरे राज्य में पारा 8 से 16 डिग्री के बीच गिर गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी रहने के बाद तापमान सामान्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *