सुशील कुमार मोदी

पटना के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ होगा सुशील मोदी का अंतिम संस्कार

पटना,14 मई (युआईटीवी)- पटना के गंगा के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ मंगलवार की शाम को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बिहार भाजपा के जो भी कार्यक्रम मंगलवार के लिए निर्धारित किए गए थे,उन सभी को रद्द कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं,जिसके कारण आज के सभी कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर नीतीश कुमार मर्माहत हैं।

स्व. सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष विमान से दिल्ली से पटना लाया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। उनकी धर्मपत्नी जेसिस जार्ज से मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर बात की और उन्हें सांत्वना दी।

दुख की इस घड़ी में दिवंगत आत्मा की चिर शांति,स्व. सुशील कुमार मोदी के परिजनों,समर्थकों और प्रशंसकों को धैर्य रखने की शक्ति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईश्वर से प्रार्थना की है।

बताया गया कि मोदी का पार्थिव शरीर को पटना पहुँचने के बाद पहले उनके निजी आवास ले जाया जाएगा,जहाँ उनका अंतिम दर्शन उनके परिजन और वहाँ मौजूद लोग कर सकेंगे।

पार्टी के लोगों के अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाया जाएगा,जहाँ पार्टी के लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विधानसभा होते हुए दीघा घाट ले जाया जाएगा।


दिल्ली के एक अस्पताल में सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को अंतिम सांस ली। पिछले कई महीनों से वे कैंसर से पीड़ित थे। सोशल मीडिया पर उन्होंने खुद ही पोस्ट शेयर कर बताया था कि वे 6 महीने से कैंसर से संघर्ष कर रहे हैं। जिस वजह से पीएम मोदी को भी उन्होंने बता दिया था कि वह लोकसभा चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाएँगे।

सुशील कुमार मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव,आरजेडी प्रमुख लालू यादव,बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह इत्यादि ने दुख जताया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *