गाजा

गाजा में संयुक्त राष्ट्र कर्मी की हुई हत्या,भारतीय नागरिक के रूप में हुई पहचान

तेल अवीव,14 मई (युआईटीवी)- दक्षिणी गाजा के राफ़ा शहर में संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने वाले एक भारतीय कर्मचारी की मौत गोलीबारी में हो गई है और एक अन्य कर्मचारी इस गोलीबारी में घायल हो गया है। मरने वाले संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी की पहचान 46 वर्षीय भारतीय नागरिक वैभव अनिल काले के रूप में की गई है,वह पूर्व भारतीय सेना कर्मी थे। बताया जा रहा है कि जिस वाहन पर मृतक यात्रा कर रहा था,राफा में उस पर हमला हुआ।

मृतक सहायता कर्मी की पहचान की घोषणा सोमवार रात एक बयान के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने की। बताया जा रहा है कि जिस वाहन पर मृतक यात्रा कर रहा था,राफा में उस पर हमला हुआ। भारतीय नागरिक वैभव अनिल काले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग (डीएसएस) का स्टाफ सदस्य था।

संयुक्त राष्ट्र अधिकारी द्वारा दिए गए बयान के अनुसार,गाजा में सुरक्षा सेवा समन्वयक के रूप में एक महीने पहले वैभव अनिल काले संयुक्त राष्ट्र में शामिल हुए थे।

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,संयुक्त राष्ट्र के वाहन से यात्रा के दौरान वैभव अनिल काले हमले का शिकार हो गए। हालाँकि,अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि अनिल काले और एक अन्य संयुक्त राष्ट्र सहायता कर्मी जिस वाहन में सवार थे,उस पर गोलीबारी किसने की।

गाजा में हुए हमले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग (डीएसएस) के एक कर्मचारी की मौत और एक अन्य डीएसएस कर्मचारी के घायल होने पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुख जताया। महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने बताया कि सोमवार सुबह को यह घटना घटित हुई। राफा में यूरोपीय अस्पताल जाने के क्रम में उनके वाहन पर हमला हुआ।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि गाजा में संयुक्त राष्ट्र के वाहन पर हमला किया गया,जिसमें हमारे एक सहयोगी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। उन्होंने कहा कि 190 से अधिक संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों की गाजा में मौत हुई है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस हमले की निंदा की और युद्धविराम तथा सभी बंधकों की रिहाई के निवेदन को पुनः दोहराया।

गोलीबारी और संयुक्त राष्ट्र सहायता कर्मी की मौत के संबंध में पहले ही आईडीएफ ने कहा है कि वह इसकी जाँच कर रहा है। आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि एक सक्रिय युद्ध क्षेत्र में हमला किया गया है,जिसकी जाँच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *