लीपजिग,3 जुलाई (युआईटीवी)- यूरो 2024 के अंतिम 16 मैच लीपजिग के रेड बुल एरिना में मंगलवार देर रात तुर्की और ऑस्ट्रिया के बीच खेला गया। तुर्की ने यूरो 2024 के 16वें राउंड के मैच में मेरिह डेमिरल के दो गोल के बदौलत ऑस्ट्रिया पर 2-1 से जीत हासिल की।
यूरो टूर्नामेंट के नॉकआउट चरणों में तुर्की ने सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। मैच के 57 सेकंड बाद ही डेमिरल ने पहला गोल कर दिया था।
ऑस्ट्रिया ने बराबरी के लिए कड़ी मेहनत की और तुर्की पर पलटवार किया,लेकिन बराबरी हासिल करने के दो मौकों को क्रिस्टोफ़ बॉमगार्टनर ने गंवा दिया।
तुर्की के खिलाफ ऑस्ट्रिया की टीम अधिक अवसर बनाने के लिए संघर्ष करती रही और ब्रेक तक गोलरहित रही। वहीं विन्सेन्ज़ो मोंटेला की टीम शानदार और खतरनाक खेलते हुए एक और गोल करने में कामयाब रही। तुर्की के ओर से दूसरा गोल भी मेरिह डेमिरल ने ही किया और टीम को 2-0 की बढ़त दिलवाई।
मैच के एक घंटे के बाद ऑस्ट्रिया के माइकल ग्रेगोरित्च ने 1 गोल करने में कामयाबी हासिल की और टीम को 2-1 पर पहुँचा दिया।
तुर्की के डिफेंस को ऑस्ट्रिया की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी। ऑस्ट्रिया ने तुर्की से बराबरी करने के लिए अपने सभी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया,जबकि तुर्की ने जवाबी हमले के अवसरों की प्रतीक्षा के लिए अपने सभी खिलाड़ियों को गेंद के पीछे रखा।
ऑस्ट्रिया के जवाबी हमलों को खत्म करने के लिए तुर्की के बारिस यिलमाज के पास सुनहरा अवसर था,लेकिन गोलकीपर पैट्रिक पेंट्ज़ को बॉक्स के अंदर से चकमा देने के लिए वे लक्ष्य से चूक गए।
तुर्की इस जीत के साथ 2008 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की है। अब शनिवार को क्वार्टर फाइनल में तुर्की का सामना बर्लिन के ओलंपिया स्टेडियम में नीदरलैंड से होगा।
ऑस्ट्रिया के कोच रैंगनिक ने इस हार के बाद कहा कि,भाग्य ने हमारा साथ नहीं दिया और मेरा मानना है कि मैच यदि अतिरिक्त समय तक चला होता,तो हम जीत सकते थे। हमारे पास बराबरी का गोल करने का समय था। जो मौके हमें मिले,हम उसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।
