भारत एक समावेशी लोकतंत्र है ; डोभाल

भारत एक समावेशी लोकतंत्र है ; डोभाल

नई दिल्ली, 11 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने मंगलवार को कहा कि भारत एक समावेशी लोकतंत्र है और सभी नागरिकों को जगह देता है।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सऊदी अरब के विद्वान और मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा के साथ मंच साझा करते हुए, डोभाल ने कहा, “इस्लाम भारत में एक अद्वितीय स्थान रखता है और भारतीय मुस्लिम आबादी इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के 33 सदस्यों के बराबर है।”

गौरतलब है कि ओआईसी एक समूह है, जिसके सऊदी अरब और पाकिस्तान समेत कई इस्लामिक देश सदस्य हैं।

भारत में धार्मिक समावेशिता पर डोभाल की टिप्पणी तब आई, जब इस्सा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अपनी विविधता के साथ (सभी धर्मों के) सह-अस्तित्व के लिए एक महान मॉडल है, जबकि उन्होंने कहा कि इस्लाम सहिष्णुता को बढ़ावा देता है।

एनएसए ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी और सबसे बड़ा लोकतंत्र है और संस्कृतियों और जातीयताओं का मिश्रण केंद्र भी रहा है।

डोभाल ने कहा कि भारत दुनिया भर के सताए हुए लोगों के लिए एक अभयारण्य रहा है। उन्होंने कहा कि “एक गौरवशाली सभ्यता वाले राज्य के रूप में, भारत हमारे समय की चुनौतियों से निपटने के लिए सहिष्णुता, संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने में विश्वास करता है।”

एनएसए ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक आतंकवाद में भारतीय नागरिकों की भागीदारी बेहद कम रही है।

डोभाल ने कहा, “भारत एक बेहद जिम्मेदार शक्ति है, लेकिन जब आतंकवादियों के पनाहगाहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत महसूस हुई, तो हम अपने राष्ट्रीय हित में आतंकवाद को नष्ट करने के लिए आगे आए।”

उन्होंने कहा कि भारत को सऊदी अरब के साथ अपने संबंधों पर गर्व है, क्योंकि ये संबंध साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हैं।

इस्सा के संबोधन के बाद बोलते हुए, एनएसए ने कहा: “मुस्लिम वर्ल्ड लीग महासचिव का संदेश स्पष्ट है कि हम सद्भाव में रहते हैं, हम शांति से रहते हैं यदि आप मानवता के भविष्य की रक्षा करना चाहते हैं… महामहिम, इस्लाम के बारे में आपकी गहरी समझ, दुनिया के धर्मों और अंतर-धार्मिक सद्भाव की दिशा में निरंतर प्रयासों, सुधारों के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ने के साहस ने न केवल इस्लाम की बेहतर समझ और मानवता में योगदान दिया है, बल्कि चरमपंथी और कट्टरपंथी विचारधाराओं को युवा दिमाग को परेशान करने से भी रोका है। ”

इस्सा ने अपने संबोधन में कहा, “भारत से हम दुनिया को शांति का संदेश भेजते हैं।”

मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव शेख डॉ़. मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा ने कहा: “हम एक साझा उद्देश्य के साथ विभिन्न घटकों और विविधता तक पहुंचते हैं। हमने भारतीय ज्ञान के बारे में बहुत कुछ सुना है और हम जानते हैं कि भारतीय ज्ञान ने मानवता के लिए बहुत योगदान दिया है।

“हम जानते हैं कि शांतिपूर्ण ढंग से एक साथ रहने का हमारा एक साझा उद्देश्य है। हम जानते हैं कि भारतीय घटक अपनी विविधता के साथ न केवल शब्दों में बल्कि जमीन पर भी सह-अस्तित्व का एक महान मॉडल है और हम इस संबंध में किए गए सभी प्रयासों की सराहना करते हैं।”

उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में मुस्लिम घटकों को अपनी राष्ट्रीयता पर गर्व है कि वे भारतीय नागरिक हैं और उन्हें अपने संविधान पर गर्व है।

“एक मुस्लिम व्यक्ति शांति का झंडा लेकर चलता है। इस्सा ने कहा, इस्लाम सभी के लिए एक खुली किताब है और सह-अस्तित्व को बढ़ावा देता है।

“भारत एक हिंदू बहुसंख्यक देश है, लेकिन इसका संविधान धर्मनिरपेक्ष है। हमने सद् गुरु और श्री श्री रविशंकर जैसे हिंदू नेताओं से संपर्क किया है। इस्सा ने कहा, शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए हमारे पास सामान्य मूल्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *