हैदराबाद ,7 मई (युआईटीवी)- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है और हर मुकाबले के साथ प्वाइंट्स टेबल की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। बुधवार को खेले गए सीजन के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 33 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ हैदराबाद की टीम ने न केवल लगातार अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा,बल्कि प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाते हुए शीर्ष स्थान भी हासिल कर लिया। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की लगातार तीसरी हार ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दर्शकों को चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पंजाब के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने केवल 21 गेंदों में 54 रन की तेज साझेदारी कर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई।
अभिषेक शर्मा बेहद आक्रामक मूड में नजर आए। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 35 रन की तूफानी पारी खेली,जिसमें कई आकर्षक शॉट देखने को मिले। हालाँकि,उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी,लेकिन उन्होंने टीम को तेज शुरुआत देकर बड़ा मंच तैयार कर दिया। उनके आउट होने के बाद ट्रेविस हेड ने भी अपना आक्रामक रवैया जारी रखा। उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। ट्रेविस हेड ने 19 गेंदों में 38 रन बनाए,जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
एक समय सनराइजर्स हैदराबाद ने 84 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे,लेकिन इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को मजबूती से सँभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और तेजी से रन बटोरे। ईशान किशन ने अपनी लय में लौटते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 32 गेंदों में 55 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। दूसरी तरफ हेनरिक क्लासेन ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के गेंदबाजों की लाइन और लेंथ बिगाड़ दी।
ईशान और क्लासेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई,जिसने मैच का रुख पूरी तरह हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 43 गेंदों में 69 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने चार छक्के और तीन चौके लगाए। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और संयम का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला।
अंतिम ओवरों में नितीश रेड्डी ने तेजी से रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुँचाया। उन्होंने क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 63 रन की साझेदारी की। नितीश रेड्डी ने केवल 13 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए और अपनी पारी में चार शानदार बाउंड्री लगाईं। सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 235 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह,लॉकी फर्ग्यूसन,युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक को एक-एक विकेट मिला,लेकिन कोई भी गेंदबाज हैदराबाद के बल्लेबाजों पर प्रभाव नहीं छोड़ सका।
236 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने केवल 4 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद पंजाब की बल्लेबाजी दबाव में आ गई और टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई। हालाँकि,बीच के ओवरों में कुछ बल्लेबाजों ने रन गति बनाए रखने की कोशिश की,लेकिन विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका।
जब पंजाब की हार लगभग तय नजर आ रही थी,तब युवा बल्लेबाज कूपर कॉनली ने अकेले मोर्चा सँभाल लिया। उन्होंने एक छोर से लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की और हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। कॉनली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने 59 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाए,जिसमें आठ छक्के और सात चौके शामिल रहे।
कूपर कॉनली की पारी ने मैच में रोमांच जरूर पैदा किया,लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका। पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी और मुकाबला 33 रन से हार गई। हालाँकि,कॉनली की विस्फोटक बल्लेबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में कप्तान पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं नितीश रेड्डी,ईशान मलिंगा और साकिब हसन को एक-एक सफलता मिली। हैदराबाद के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में जिस तरह दबाव बनाया,वही मैच में निर्णायक साबित हुआ।
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 मैचों में सातवीं जीत दर्ज की और प्वाइंट्स टेबल में दो स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष स्थान पर पहुँच गई। टीम का नेट रन रेट भी काफी मजबूत हो गया है,जो आगे चलकर प्लेऑफ की दौड़ में अहम भूमिका निभा सकता है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। टीम अब दूसरे स्थान पर खिसक गई है और उसके लिए आने वाले मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण हो गए हैं।
आईपीएल 2026 में अब हर मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में खेल रही है,उसे देखकर टीम खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है। वहीं पंजाब किंग्स को जल्द ही अपनी कमजोरियों को दूर करना होगा,नहीं तो टीम की स्थिति और मुश्किल हो सकती है।
