पीएम मोदी

लोकसभा चुनाव 2024: आज उत्तर प्रदेश में पीएम मोदी चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे,केजरीवाल और अखिलेश प्रेसवार्ता करेंगे

लखनऊ,16 मई (युआईटीवी)- लोकसभा चुनाव 2024 के शेष चरणों के मतदान के लिए आज उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री लालगंज (आजमगढ़) में सुबह 11:00 बजे,जौनपुर में दोपहर बाद 12:30 बजे,भदोही में दोपहर बाद 2:00 बजे और प्रतापगढ़ में शाम 3:45 बजे जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

ओडिशा में गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। वह भुवनेश्वर में सुबह तक़रीबन 10 बजे रोड शो करेंगे। उसके बाद सुबह 11:10 बजे उनका कार्यक्रम शहर के लिंगराज मंदिर जाने का है। वहाँ से वे बरगढ़ जिले के लिए रवाना होंगे,जहाँ दोपहर 2:05 बजे एक रैली का आयोजन किया जाना है। उसके बाद सुंदरगढ़ में शाम 4:15 बजे वे एक और रैली करेंगे।

बिहार के सीतामढी में दोपहर 12:30 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा करेंगे। उसके बाद बिस्फी (मधुबनी) में दोपहर दो बजे एक अन्य जनसभा को संबोधित करेंगे। गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर भी जाएँगे और वहाँ नागरिक समाज के सदस्यों और स्थानीय भाजपा नेताओं से विचार-विमर्श करेंगे। हालाँकि,कश्मीर घाटी की तीन सीटों से भाजपा ने कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारा है।

रायबरेली में गुरुवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी चुनाव प्रचार करेंगे।

रायबरेली में गुरुवार शाम पाँच बजे राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मंझनपुर (कौशांबी) में दोपहर 1:05 बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा बांदा में दोपहर 2:20 बजे और फतेहपुर में दोपहर 3:25 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अन्य जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

वहीं लखनऊ में इंडिया ब्लॉक के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। केजरीवाल इस लोकसभा चुनाव में पहली बार यूपी का दौरा करेंगे। उसके बाद अतर्रा (बांदा) में दोपहर 12:40 बजे,फतेहपुर में दोपहर दो बजे और सिराथू (कौशाम्बी) में दोपहर 3:10 बजे समाजवादी पार्टी प्रमुख चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

मधुबनी और दरभंगा में गुरुवार को राजद नेता तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार करेंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लखनऊ के बाद पंजाब का दौरा भी आज ही करने वाले हैं। पंजाब में वे रोड शो करेंगे,लेकिन इससे पहले वे अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *