प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

लोकसभा चुनाव 2024: आज महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री मोदी चुनाव प्रचार करेंगे,अमित शाह होंगे बंगाल और ओडिशा में

नई दिल्ली,15 मई (युआईटीवी)- लोकसभा चुनाव 2024 के पाँचवें चरण के लिए आज महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महायुति उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। भाजपा और कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव के पाँचवें चरण के चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।

महाराष्ट्र दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:15 बजे डिंडोरी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:15 बजे वे कल्याण में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मुंबई उत्तर पूर्व में पीएम मोदी शाम लगभग 6:45 बजे रोड शो करेंगे।

इसके अलावा अन्य बड़े नेता भी लोगों से अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे।

आज भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बिहार,पश्चिम बंगाल और ओडिशा में चुनाव प्रचार करेंगे। बिहार के मोतीहारी में वह सुबह 11:15 बजे एक रैली करेंगे। वहीं पश्चिम बंगाल के रघुनाथगंज (मुर्शिदाबाद) में दोपहर बाद 2:35 बजे और बांकुर में शाम 4:10 बजे जनसभाएँ करेंगे। ओडिशा के भुवनेश्वर में वह शाम 7:50 बजे ‘सुभद्रा योजना’ की एक बैठक में शामिल होंगे।

आज पश्चिम बंगाल और ओडिशा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार करेंगे। सुबह 11:00 बजे पश्चिम बंगाल के हुगली में और दोपहर बाद 2:00 बजे ओडिशा के गंजम में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। शाम 5:30 बजे वह कटक में रोड शो करेंगे।

लखनऊ में सुबह 10:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव प्रचार करते हुए एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। रायबरेली में दोपहर बाद 1:30 बजे और अमेठी में शाम 3:15 बजे कांग्रेस अध्यक्ष अपनी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए रैलियाँ करेंगे।

ओडिशा के बालंगीर में आज पूर्वाह्न 11:45 बजे वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बाइक रैली निकालेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

महोबा, हमीरपुर और उरई में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभाओं को संबोधित करेंगे। झांसी में दोपहर बाद 3:15 बजे और लखनऊ में शाम 7 बजे मुख्यमंत्री योगी रोड शो करेंगे।

झारखंड के चतरा,कोडरमा,गिरिडीह और हजारीबाग में राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव रैलियों को संबोधित करेंगे।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बसपा सुप्रीमो मायवती एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी।

रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कई नुक्कड़ नाटकों में शामिल होंगी और वहाँ के लोगों से मुलाक़ात करेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *