दमिश्क,3 अक्टूबर (युआईटीवी)- इजरायल की सेना दक्षिणी लेबनान में घुस कर जमीनी और हवाई दोनों स्तर पर हमले कर रही है। हिज्बुल्लाह ने इजरायल के हमले का जवाब देते हुए उत्तरी इजरायल पर 100 से अधिक रॉकेट दागे और लेबनान में घुसे इजरायली सैनिकों पर धावा बोल दिया,जिसमें इजरायल के आठ जवान अब तक मारे जा चुके हैं। हेब्रॉन में इजरायली सेना ने कर्फ्यू लगा दिया है और कई फिलिस्तीनी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई हिज्बुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह के जनाजे के दिन जुमे की नमाज की अगुवाई करेंगे। कथित तौर पर 27 सितंबर को हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की इजरायली हवाई हमले के दौरान चौंकाने वाली मौत हो गई थी,जिसके बाद अयातुल्ला अली खामेनेई सुरक्षित स्थान पर पहुँचा दिया गया था।
सीरिया के जाबला में इजरायल ने गोला-बारूद के गोदाम को निशाना बनाकर हमला किया है। इजरायल द्वारा सीरिया के दमिश्क के माज़ेह वेस्टर्न विला इलाके में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाकर किए गए हमले में हिजबुल्लाह नेता सैयद हसन नसरल्लाह के दामाद हसन जाफर अल-कासिर की भी मौत हो गई है। लेबनान के दो और नागरिक भी इस हमले में मारे गए थे।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक,बुधवार को हिजबुल्लाह और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के नेता के रहने वाले तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल को निशाना बनाकर इजरायल द्वारा हमले किए गए थे। इस हमले में दो गैर-सीरियाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई,जबकि चार अन्य लोग इस हमले में घायल हो गए। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। हमले में तीन नागरिकों के मारे जाने और तीन अन्य के घायल होने की जानकारी सीरियाई रक्षा मंत्रालय द्वारा साझा की गई।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक,मंत्रालय ने बताया कि इजरायल के कब्जे वाले गोलान हाइट्स से इस हमले को अंजाम दिया गया था। बता दें कि,लेबनान की राजधानी बेरूत में इजरायल ने 27 सितंबर को नसरल्लाह को एक शक्तिशाली हवाई हमले में मार गिराया था। बुधवार को इजरायल के ओर से किया गया यह हमला इस क्षेत्र में इस हफ्ते किया गया दूसरा हवाई हमला है। मंगलवार की सुबह को इजरायल के ओर से किए गए हमले में एक पत्रकार समेत तीन लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग इस हमले में घायल हुए।
हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह जिसकी मौत इजरायली हमले में हुई,शुक्रवार को उसकी अंतिम यात्रा निकाले जाने की खबर है,लेकिन कब और किस शहर से उनका जनाजा निकलेगा,अभी तक इसके बारे में कोई सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। इससे जुड़े कई रिपोर्ट्स सामने आई है,जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि उनके जनाजे में भारी भीड़ उमड़ने वाली है।
