माइकल किंडो

विश्व कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे माइकल किंडो का निधन

भुवनेश्वर/नई दिल्ली, 1 जनवरी  (युआईटीवी/आईएएनएस)- वर्ष 1975 में हॉकी विश्व कप जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य और 1972 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य रहे माइकल किंडो का गुरुवार को राउरकेला के एक अस्पताल में निधन हा गया। वह 73 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटी हैं।

सूत्रों ने कहा कि अर्जुन अवॉर्डी किंडो पिछले एक महीने से राउरकेला के एक अस्पताल में भर्ती थे।

वर्ष 1975 में हॉकी विश्व कप जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर रहे अशोक दीवान ने किंडो को एक जेंटलमैन बताया है।

दीवान ने आईएएनएस से कहा, ” वह एक सच्चे जैंटलमैन थे। यह बेहद दुखद है कि साल का अंत इस तरह की खबरों से हुआ। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। 2018 विश्व कप के दौरान जब हम ओडिशा गए थे, तो उनसे मुलाकात नहीं हो पाई थी क्योंकि वह बीमार थे।”

हॉकी इंडिया और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किंडो के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

किंडो 1975 में कुआलालम्पुर में पाकिस्तान को हराकर विश्व कप जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य थे। वह उस टीम के भी सदस्य थे, जिसने म्यूनिख ओलंपिक 1972 में कांस्य पदक जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *