नई दिल्ली,23 सितंबर (युआईटीवी)- आज दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश हुई,जिससे वहाँ रह रहे निवासियों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी दिल्ली,उत्तरपूर्वी दिल्ली,शाहदरा,समेत शहर के कई हिस्सों बारिश हुई।
दिन के दौरान हल्की बारिश या बूँदाबाँदी के साथ आम तौर पर बादल छाए रहने की भविष्यवाणी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने की थी। साथ ही बताया कि 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे आर्द्रता 84 प्रतिशत दर्ज की गई।
वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली के अनुसार दोपहर 1:30 बजे तक राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में समग्र वायु गुणवत्ता 92 बताई गई है, जो ‘अच्छी श्रेणी’ में है। शून्य और 50 के बीच एक AQI को ‘अच्छा’,51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’,301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’, तथा 401 और 500 के बीच को ‘गंभीर’ बताया जाता है।
इसी बीच एक अन्य खबर भी मिली जिसमें बताया गया कि महाराष्ट्र के नागपुर शहर में भी भारी बारिश हुई। जलमग्न अंबाझरी इलाके में भारतीय सेना बचाव अभियान चला रही है। बचाव अभियान में लगे भारतीय सेना के जवानों का इस बचाव अभियान के बारे में कहा कि ” जब हमें भारी बारिश के बारे में खबर मिली तो हमलोग निर्धारित स्थान पहुँचे। वहाँ पहुँचकर देखा कि पानी का स्तर ऊपर उठकर हमारे कंधे तक पहुँच गया है। वहाँ लोग फँसे हुए थे। हमलोग वहाँ नाव लेकर पहुँचे और लोगों को बचाया। उसके बाद उन्हें हमारे तरफ से पीने का पानी और बिस्किट उपलब्ध कराए गए।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई ने आज समाप्त होने वाले तीन दिनों तक महाराष्ट्र के कोंकण और मध्य के घाट क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी।
