नई दिल्ली, 13 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)- विपक्षी एकता का संकेत देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार की शाम आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
इससे पहले नीतीश कुमार दिल्ली में राहुल गांधी से भी मिलने पहुंचे थे। बिहार सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा, इस वक्त देश मुश्किल दौर से गुजर रहा है। यह जरूरी है कि देश की सब विपक्षी पार्टियां साथ आकर सरकार को बदले. नीतीश कुमार ने जो पहल की है, उसके साथ हम हैं। आजादी के बाद की सबसे भ्रष्ट सरकार इस वक्त सरकार में है।
केजरीवाल ने कहा कि अभी बहुत सारे सवाल हैं लेकिन धीरे-धीरे उन सभी का जवाब मिलेगा। केंद्र के खिलाफ हम सबको मिलकर रहना होगा। एक आम आदमी के लिए अपने घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो रहा है। इसलिए बहुत जरूरी है कि सभी विपक्ष और सारा देश एक साथ आकर केंद्र सरकार बदले। ऐसी सरकार आनी चाहिए, जो इस देश को विकास दे सके। देश के लोगों को उनकी समस्याओं से मुक्ति दिला सके।
वहीं नीतीश कुमार ने कहा, पूरी बातचीत हो गई है। तय हो गया है कि विपक्षी एकता के लिए हम लोग काम करेंगे। आप समझ गए हैं, दिन में आपको कांग्रेस से बात करा ही दिया है। हम लोगों का तय हो गया कि अधिक से अधिक विपक्षी पार्टियों को एकजुट करेंगे। एक लाइन में आपको बता दिया है। बाकी सब पर कोई कमेंट नहीं करेंगे।
केजरीवाल से नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव से इस मुलाकात के दौरान आप सांसद संजय सिंह और राघव चढ़ा भी मौजूद रहे।
