पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

पीएम मोदी ने पुतिन के सामने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं का समाधान की बात कही

कजान,23 अक्टूबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को रूस के कजान शहर में हो रहे 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुँचे, जहाँ उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध का उल्लेख करते हुए शांति के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के समक्ष कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से ही समस्याओं का समाधान होना चाहिए। हम शांति और स्थिरता की जल्द बहाली का पूर्ण समर्थन करते हैं। पीएम मोदी ने पुतिन का शानदार स्वागत करने के लिए भी आभार व्यक्त किया और उनकी मित्रता की सराहना की।

पीएम मोदी ने कहा कि,पीएम मोदी ने कहा कि,आपके मित्रता और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूँ। मेरे लिए कजान जैसे खूबसूरत शहर में आना बहुत खुशी की बात है,जिसका भारत के साथ गहरा एवं ऐतिहासिक संबंध रहा है। कजान में भारत के नए कांसुलेट के खुलने से इस संबंध में और अधिक मजबूती आएगी।

उन्होंने आगे कहा, “पिछले तीन महीनों में मेरा यह दूसरा रूस दौरा हमारे करीबी समन्वय और गहरी मित्रता का प्रतीक है। जुलाई में मॉस्को में हुई एनुअल समिट ने हर क्षेत्र में हमारी भागीदारी को और सशक्त किया है। ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता के लिए मैं आपको बधाई देता हूँ।”

रूस-यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,”हमारा मानना है कि समस्याओं का समाधान केवल शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए। हम शांति और स्थिरता की जल्द बहाली का पूर्ण समर्थन करते हैं और मानवता को प्रमुखता देते हैं। भविष्य में भी भारत हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार रहेगा।”

पीएम मोदी,रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर कजान पहुँचे, जहाँ रूस की अध्यक्षता में 16वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।