मुंबई,4 जुलाई (युआईटीवी)- भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महँगी फिल्म मानी जा रही ‘रामायण’ के पहले प्रोमो वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म का मोस्ट अवेटेड वीडियो जारी किया,जिसमें रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं,फिल्म में रावण का दमदार अवतार निभा रहे हैं ‘केजीएफ’ फेम सुपरस्टार यश,जबकि माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी दिखाई देंगी।
इस वीडियो पर पहली बड़ी प्रतिक्रिया रणबीर कपूर की पत्नी और एक्ट्रेस आलिया भट्ट की आई,जिन्होंने इस लुक को बेहद भावनात्मक और ऐतिहासिक बताया। आलिया ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का प्रोमो साझा करते हुए लिखा,”कुछ चीजों को शब्दों की जरूरत नहीं होती। यह किसी यादगार चीज की शुरुआत लग रही है। दीवाली 2026, हम इंतजार कर रहे हैं।”
आलिया की यह प्रतिक्रिया न सिर्फ एक पत्नी की भावनाओं को दिखाती है,बल्कि यह भी बताती है कि वह रणबीर की सबसे बड़ी चीयरलीडर हैं,फिर चाहे बात उनकी फिल्मों की हो या निजी जीवन की।
फिल्म के प्रोमो वीडियो की शुरुआत भगवान ब्रह्मा,विष्णु और शिव के प्रभावशाली चित्रण से होती है,जो सृष्टि के संचालन के प्रतीक हैं। इसके बाद एनीमेशन और अत्याधुनिक वीएफएक्स के ज़रिए दर्शकों को फिल्म के मुख्य किरदारों भगवान राम, माता सीता और रावण से परिचित कराया जाता है। यश को रावण के रूप में देखकर दर्शकों में उत्सुकता और रोमांच दोगुना हो गया है।
View this post on Instagram
फिल्म के निर्माताओं ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दस साल की मेहनत और लगन के बाद,हमने दुनिया के सामने सबसे महान महाकाव्य ‘रामायण’ को लाने का सपना पूरा किया है। इस फिल्म को बनाने में दुनिया के बेहतरीन लोगों ने मिलकर काम किया है,ताकि रामायण को आदर और सम्मान के साथ दिखाया जा सके।”यह वाक्य फिल्म की नियत और भव्यता दोनों को दर्शाता है।
फिल्म की कास्टिंग बेहद खास और सोच-समझकर की गई है,जिसमें हर किरदार को निभाने के लिए एक दमदार चेहरा चुना गया है,जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम,साई पल्लवी को माता सीता,यश को रावण (सह-निर्माता भी),रवि दुबे को लक्ष्मण,सनी देओल को भगवान हनुमान,रकुल प्रीत सिंह को शूर्पणखा,काजल अग्रवाल को मंदोदरी,लारा दत्ता को कैकई और अरुण गोविल को राजा दशरथ (धारावाहिक ‘रामायण’ के राम अब दशरथ के रूप में) नजर आएँगे ।
अरुण गोविल का दशरथ के किरदार में आना भावनात्मक और प्रतीकात्मक दोनों ही दृष्टियों से महत्वपूर्ण है,क्योंकि उन्होंने रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाकर करोड़ों भारतीयों के दिल में जगह बनाई थी।
निर्माताओं के अनुसार,फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज़ किया जाएगा। पहला भाग दीवाली 2026 पर और दूसरा भाग दीवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। इस तरह दर्शकों को साल दर साल रामायण की गहराइयों में उतरने का अवसर मिलेगा।
‘रामायण’ को प्रोड्यूस कर रहे हैं नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज,साथ ही फिल्म में वीएफएक्स का काम संभाला है 8 बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी स्टूडियोज ने। यही स्टूडियो हॉलीवुड की कई मशहूर फिल्मों जैसे ‘इंटरस्टेलर’ और ‘ड्यून’ में भी अपना कमाल दिखा चुका है।
835 करोड़ रुपए के बजट से तैयार हो रही यह फिल्म भारत की अब तक की सबसे महँगी फिल्म बन गई है। इस विशाल बजट का बड़ा हिस्सा वीएफएक्स,सेट्स, कॉस्ट्यूम डिज़ाइन और इंटरनेशनल क्रू पर खर्च हो रहा है।
यश, जो इस फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं,इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं। उनका कहना है कि,”रामायण सिर्फ एक धार्मिक कहानी नहीं,बल्कि नैतिकता, धर्म और मर्यादा की गाथा है। इसे पूरे आदर और गंभीरता के साथ पर्दे पर लाना हमारा कर्तव्य है।”
‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं,बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर ले जाने का प्रयास है। रणबीर कपूर जैसे कलाकार को भगवान राम के रूप में देखना,साई पल्लवी की सहजता और यश की आक्रामकता,सब मिलकर इस फिल्म को एक महान सिनेमाई अनुभव बनाने वाले हैं।
आलिया भट्ट की प्रतिक्रिया ने इस फिल्म के प्रति न सिर्फ दर्शकों की भावनाओं को जगाया है,बल्कि यह भी साबित किया है कि जब सिनेमा संस्कृति से जुड़ता है,तो उसका प्रभाव व्यापक और कालातीत होता है।
दीवाली 2026 अब केवल एक त्योहार नहीं,बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक युग की शुरुआत बनने जा रही है।