रांची, 29 जून (युआईटीवी/आईएएनएस)- झारखंड के बोकारो में बुधवार को भीषण बैंक डकैती हुई है। अपराधियों ने बोकारो के चास स्थित इंडियन बैंक में धावा बोलकर 39 लाख रुपये लूट लिये। उन्होंने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की।
बताया गया कि एनएच 23 पर स्थित बैंक की गुरुद्वारा शाखा में अपराह्न् एक बजे छह अपराधी हथियारों के साथ घुसे। उन्होंने गार्ड और सभी कर्मचारियों को बाथरूम में बंद कर दिया और कैशबॉक्स से रुपये लूटकर फरार हो गये। अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर आये थे। उनके हाथों में पिस्टल और सुतली बम थे। लगभग आधे घंटे बाद बैंक के कर्मी किसी तरह बाथरूम का दरवाजा तोड़कर बाहर आये और सायरन बजाया तो इस घटना की जानकारी लोगों को हुई। अपराधी बैंक में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी खोलकर अपने साथ ले गये।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी चंदन कुमार झा सहित पुलिस अफसरों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आस-पास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों का सुराग हासिल करने में जुटी है। अपराधियों के भागने की दिशा में छापामारी की जा रही है। धनबाद और बोकारो जिले के सभी पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
