क्रिकेट

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान,आंद्रे रसेल और जेसन होल्डर टीम से बाहर

नई दिल्ली,19 अगस्त (युआईटीवी)- 24 अगस्त से वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी,जिसके लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार आंद्रे रसेल और जेसन होल्डर को टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। आराम और रिहैबिलिटेशन के लिए स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने समय माँगा था,जबकि जेसन होल्डर को लगातार पिछले पाँच टेस्ट मैच खेलने के बाद आराम दिया गया है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के क्रिकेट निदेशक माइल्‍स बॉसकोंब ने पुष्टि की है कि रिकवरी अवधि के लिए आंद्रे रसेल और जेसन होल्डर को आराम दिया गया है। उन्होंने कहा कि आराम और रिकवरी के लिए आंद्रे रसेल ने ब्रेक की माँग की थी,जबकि इंग्‍लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जेसन होल्डर लगातार पाँच टेस्ट मैच खेले थे। क्रिकेट वेस्टइंडीज की साइंस और मेडिकल टीम के साथ दोनों खिलाड़ी इस दौरान करीब से मिलकर काम करेंगे।

रोवमैन पॉवेल को एक बार फिर से टीम की कप्तानी सौंपी गई है और उपकप्तान की जिम्मेदारी रोस्टन चेस को दी गई है। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में 24 अगस्त से 28 अगस्त तक वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह सीरीज खेली जाएगी।

इसके अलावा,ओपनिंग बल्लेबाज ब्रैंडन किंग और तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ भी टीम का हिस्सा नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ सुपर आठ मुकाबले के दौरान ब्रैंडन किंग को साइड स्ट्रेन हुआ था,जिसके कारण वे इस साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले सीरीज के लिए फिट नहीं है,जबकि अल्जारी जोसेफ अपने ब्रेक को जारी रखेंगे। शाई होप या उभरते हुए खिलाड़ी एलिक अथानाजे के किंग की अनुपस्थिति में जॉनसन चार्ल्स के साथ शीर्ष क्रम में खेलने की संभावना है।

कुछ नए चेहरे को इस टीम में शामिल किया गया है। युवा खिलाड़ियों को मौका देने की नीति को आगे बढ़ाने के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट ने इन खिलाड़ियों को टीम में जगह दी है।

वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज का शेड्यूल:

24 अगस्त को पहला मैच,26 अगस्त को दूसरा मैच और 28 अगस्त को तीसरा टी20 मैच। तीनों मैच भारतीय समयानुसार देर रात 12 बजे खेले जाएँगे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज़ के लिए वेस्टइंडीज की टीम: रोवमैन पॉवेल (कप्तान),रोस्टन चेस (उपकप्तान),जॉनसन चार्ल्स,एलिक एथनाज़,शिमरोन हेटमायर,मैथ्यू फोर्ड,शाई होप,फैबियन एलन,शमार जोसेफ, अकील होसैन,गुडाकेश मोटी,ओबेड मैकॉय,निकोलस पूरन,रोमारियो शेफर्ड और शेरफेन रदरफोर्ड।