बिहार के बगहा में पेड़, पौधों के साथ खेली गई अनोखी होली, दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बेतिया, 9 मार्च (युआईटीवी/आईएएनएस)| बिहार में आठ मार्च को बिहार में लोगों ने जमकर होली मनाई। इस दौरान पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में पेड़, पौधों के साथ अनोखी होली भी मनाई गई, जहां लोग पेड़ पौधों को अबीर गुलाल लगाकर होली के पारंपरिक गीतों पर झूमते नाचते थिकरते दिखे और पेड़ पौधों के बीच होली मनाई।

इस होली कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।

बगहा प्रखंड के पिपरा गांव में पर्यावरण प्रेमी गजेंद्र यादव ने पेड़-पौधों के साथ होली मनाई। गजेंद्र यादव करीब डेढ़ दशक से पेड़-पौधों के साथ कोई भी पर्व मनाते हैं। गजेंद्र यादव बुधवार को अन्य ग्रामीणों के साथ पेड़ों के साथ होली मनाई।

होली के मौके पर गजेंद्र और अन्य ग्रामीणों ने पहले पेड़-पौधों की पूजा अर्चना की। उसके बाद रंग और गुलाल लगाकर होली मनाई। गजेंद्र यादव अन्य ग्रामीणों के साथ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के नाम के चौराहे पर एकत्रित हुए और होली खेली।

गजेंद्र पिछले कई सालों से पौधरोपण कर रहे हैं। अब तक वे करीब आठ लाख से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं। गजेंद्र आजीवन इन पेड़ पौधों की रक्षा और पौधरोपण को लेकर शादी न करने का प्रण ले रखे हैं। यही वजह है कि इस चौराहे पर नर्सरी बनाकर पेड़ पौधों के साथ पर्व त्योहार मनाते आ रहे हैं।

उनके द्वारा लगाए गए अधिकांश पौधों में बरगद, पीपल, पाकड़ और नीम शामिल हैं क्योंकि वे न केवल पक्षियों को अच्छे आश्रय देते हैं बल्कि बाढ़ के दौरान मिट्टी के कटाव को भी रोकते हैं। इसके अलावा इन पेड़ों की आयु लंबी है और मनुष्यों को पर्याप्त ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं।

पौधों के नाम पर अपना जीवन समर्पित करने वाले गजेंद्र पेड़-पौधों को घर परिवार मानकर इनके साथ होली, दीवाली और रक्षा बंधन का त्योहार मनाते आ रहे हैं। पौधरोपण के साथ-साथ पेड़ पौधों के संरक्षण का संदेश देने में जुटे लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।

गजेंद्र का कहना है की उनके बीच पेड़ पौधे हैं तो ही उनकी खुशियां हैं और यह मानव जीवन सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *