सवा लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, कई लोगो की कर चुका था हत्या

नोएडा, 20 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बुलंदशहर पुलिस और नोएडा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात दहशत का पर्याय बन चुके 1 लाख 25 हजार के इनामी बदमाश साहब सिंह को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। साहब सिंह पर जनपद गोंडा से 1 लाख और बुलंदशहर से 25 हजार का इनाम घोषित था।

साहब सिंह बावरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसने 2001 में गोंडा में डकैती में 14 लोगों को घायल किया था और 5 की हत्या की थी। अलीगढ़ में भी इसने 2 की हत्या की थी, बुलंदशहर में भी यह कई घटनाओं में वांटेड था।

पुलिस के मुताबिक साहब सिंह पर लूट, हत्या, डकैती के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज थे। डकैत साहब सिंह और उसके गैंग पर गोंडा में दो बच्चों समेत पांच लोगों की हत्या का भी आरोप था।

बताया जा रहा है साहब सिंह डकैती का विरोध करने पर बेरहमी से हत्या कर डालता था। वहीं जनपद अलीगढ़ में भी साहब सिंह ने डकैती के दौरान ह्त्या कर दी थी।

रविवार देर रात यूपी एसटीएफ और गुलावठी पुलिस को गुलावठी क्षेत्र में लुटेरों द्वारा किसी वारदात को अंजाम दिए जाने की सूचना मिली थी, जिसपर अमल करते हुए पुलिस चेकिंग अभियान में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को दो संदिगध दिखाई दिए, जिनको रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से साहब सिंह घायल हो गया। उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान साहब सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *