नई दिल्ली, 9 अगस्त (युआईटीवी)- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इस साल होने वाले नौ आईसीसी विश्व कप मुकाबलों की तारीखों में बदलाव की घोषणा की।
अहमदाबाद में बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला, जो पूर्व में 15 अक्टूबर को निर्धारित था, अब एक दिन पहले 14 अक्टूबर को स्थानांतरित कर दिया गया है।
जिस वजह से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड का जो मैच 14 अक्टूबर के लिए निर्धारित था,अब 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।
कार्यक्रम में अन्य बदलावों में, हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का खेल 12 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक स्थानांतरित हो गया है, जबकि लखनऊ में दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच 13 अक्टूबर से 12 अक्टूबर को स्थानांतरित हो गया है।
चेन्नई में न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश मैच 14 अक्टूबर से बढ़ाकर 13 अक्टूबर कर दिया गया है। धर्मशाला में बांग्लादेश के खिलाफ इंग्लैंड का मैच दिन-रात होने वाला था जो अब 10 अक्टूबर को दिन का मैच होगा।
12 नवंबर को कोलकाता में इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान और पुणे में ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश के होने वाले मैच 11 नवंबर को होंगे, जबकि भारत का आखिरी लीग गेम, बेंगलुरु में नीदरलैंड के खिलाफ, 11 नवंबर के बजाय 12 नवंबर को खेला जाएगा।
