नई दिल्ली,6 अक्टूबर(युआईटीवी)- भाजपा ने राहुल गांधी का एक पोस्टर अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। इस पोस्टर में रावण के रूप में राहुल गांधी को दिखाया गया है। कांग्रेस ने भाजपा के इस हरकत की कड़ी निंदा और आलोचना की है।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर राहुल गांधी का जो रावण के रूप वाला पोस्टर पोस्ट किया उसका मुख्य उद्देश्य हिंसा भड़काना है। भाजपा सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्टर को शेयर कर राहुल गांधी के विरुद्ध हिंसा को भड़काना चाहता है।
अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश भाजपा से सवाल करते हुए पूछ रहे हैं कि,भाजपा अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर रावण के रूप में राहुल गांधी को दर्शाने के पीछे की वास्तविक मकसद या मंशा क्या है ? आखिर यह सब घटिया ग्राफ़िक दिखा कर के भाजपा करना क्या चाहती है ?
आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और दिवंगत दादी प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या उन ताकतों ने की थी जो भारत को विभाजित करना चाहती थी। इस प्रकार से घटिया ग्राफ़िक दिखा कर भाजपा राहुल गांधी के विरुद्ध हिंसा को भड़काने और उकसाने का काम कर रहा है।
उन्होंने आगे लिखा कि इस प्रकार का कार्य कर अपनी मानसिकता को दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री का हर दिन झूठ बोलकर मानसिक रूप से बीमार होने और आत्ममुग्धता के विकार से पीड़ित होने का सबूत देना एक बात है। लेकिन इस तरह के घृणित कंटेंट और पोस्टर अपनी पार्टी के माध्यम से बनवाना स्वीकार्य नहीं है। यह बहुत ही भयावह और ख़तरनाक भी है। लेकिन जो भी हो हम इन सब से डरेंगे नहीं।
अपने एक्स हैंडल पर पार्टी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी के रावण के रूप वाली 10 सिर वाले पोस्टर को पोस्ट किया है।
भाजपा के इस पोस्टर के पोस्ट करने के पश्चात कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए प्रतिक्रिया दी और कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ रही है,जिससे भाजपा घबरा गई।
इमरान प्रतापगढ़ी मीडिया से पार्टी मुख्यालय में बात करते हुए कहा कि ” यह भाजपा की घबराहट दर्शा रही है। जो आने वाले 2024 के लोकसभा चुनावों में अपनी हार को महसूस कर रहे हैं।
इंडिया गठबंधन के गठन के बारे बताते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जब से यह गठबंधन हुआ,भाजपा तिलमिला गया है और दहशत में आ गया है। रावण के रूप में राहुल गांधी को दिखाना भाजपा की बौखलाहट और हताशा को दर्शाता है। राहुल गांधी के बारे में हमारे देश की जनता अच्छी तरह से जानती है। क्योंकि राहुल गांधी जनता के पीड़ा को समझते हैं।
राहुल गांधी जनता के बीच समय बिता रहे हैं। वे मणिपुर के लोगों के साथ खड़े हैं। सब्जी विक्रेता हो या बाइक मैकेनिक हो राहुल गांधी सबके साथ खड़े हैं। ऐसे में उन्हें रावण बुलाना या रावण के रूप में दिखाने से भाजपा की मानसिकता का स्पष्ट रूप से पता चल रहा है। वह अंदर से डर गया है और जो घृणित काम किया है वो बहुत ही शर्मनाक भी है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन को सभी ने स्वीकार्य किया है। राहुल गांधी भी अब बहुत सक्रिय हो गए हैं,जिस वजह से भाजपा और अधिक हताश हो गई है। इन्ही सब वजहों से इंडिया गठबंधन को प्रधानमंत्री कभी ‘जंग लगा लोहा’ कह रहे हैं तो कभी ‘घमंडिया गठबंधन कह रहे हैं’ ।
प्रधानमंत्री और भाजपा इतना घबरा गई है कि आतंकवादी संगठनों से भी इस इंडिया गठबंधन तुलना कर रहे हैं।
रावण के रूप में राहुल गांधी को दर्शाने वाले पोस्टर पर राहुल की बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने निंदा की और अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को टैग करते हुए लिखा कि आप किस स्तर तक राजनीति और बहस को ले जाना चाहते हैं? आपकी पार्टी ने अपनी आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जो हिंसक और भड़काऊ पोस्ट किया है,क्या आप उससे सहमत हैं ? कुछ दिन पहले ही आपने ईमारनादी की शपथ लिए थे,क्या उस शपथ को भी अपने किए गए वादों की तरह भूल गए हैं?
