मुजीब, फजल, नवीन पर लगे प्रतिबंध को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हटाया

मुजीब, फजल, नवीन पर लगे प्रतिबंध को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हटाया

काबुल,9 जनवरी (युआईटीवी)- तीन राष्ट्रीय खिलाड़ियों मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी और नवीन उल हक पर लगे प्रतिबंध को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी ) ने हटा दिया है। खिलाड़ियों के नरम रुख अपनाने और केंद्रीय अनुबंध को स्वीकार करने के कारण अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी ) ने तीनों राष्ट्रीय खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंधों को संशोधित करने का फैसला लिया है।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी ) ने कहा कि उसने खिलाड़ियों को गहन जाँच के बाद अंतिम चेतावनी जारी करने के साथ ही उनके वेतन में कटौती करने का निर्णय लिया है।

सोमवार को एक बयान जारी कर बोर्ड ने कहा कि तीनों राष्ट्रीय खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंधों को संशोधित किया जा रहा है,जिसके तहत इन खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा लेने की अनुमति देंगे। लेकिन यह अनुमति इन खिलाड़ियों के एसीबी के हितों और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद लिया गया है।

एसीबी के पास खिलाड़ियों ने बिना किसी शर्त के संपर्क किया था और अपनी तीव्र इच्छा जताई थी कि वे पुनः देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। इसलिए एसीबी ने एक व्यापक जाँच शुरू की।

एसीबी के बयान में कहा गया है, “नियुक्ति समिति ने हालिया घटनाक्रम के आलोक में खिलाड़ियों के प्रारंभिक रुख का जाँच किया,जिससे उनके टीम में बने रहने की महत्ता के बारे में पता चला। इस महत्व को स्वीकार करने के पश्चात नियुक्ति समिति ने अपनी अंतिम सिफारिशें बोर्ड को बता दी हैं। ”

अंतिम चेतावनी और वेतन कटौती के बारे में एसीबी के बयान में कहा गया है कि, “प्रत्येक खिलाड़ी को लिखित रूप में एक अंतिम चेतावनी दी जाएगी और वेतन कटौती के रूप में उनकी मैच फीस का या मासिक कमाई का एक विशिष्ट हिस्सा काटा जाएगा।”

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी ) का कहना है कि एसीबी का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय कर्तव्य और एसीबी के हितों को प्राथमिकता देना है। उसी के अनुसार उन खिलाड़ियों को एनओसी दिया जा सकता है। लेकिन उन्हें एनओसी जारी करने पर एसीबी सख्ती से विचार करेगा।

एसीबी ने कहा कि, ” इन खिलाड़ियों को एसीबी केंद्रीय अनुबंध उनके प्रदर्शन और आयोजनों में अनुशासन की सख्ती से निगरानी करते हुए दे सकती है।”

अफगानिस्तान में खिलाड़ियों के बहुमूल्य योगदान की ओर इशारा करते हुए एसीबी के अध्यक्ष मीरवाइज अशरफ ने कहा कि खिलाड़ियों पर लगे प्रतिबंधों में संशोधन टीम में उनकी उपस्थिति के महत्व को देखते हुए किया गया है।

एसीबी के अध्यक्ष मीरवाइज अशरफ ने उन खिलाड़ियों से उम्मीद जताई कि टीम की सफलता के लिए वे खिलाड़ी पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेंगे और अफगानिस्तान को गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *