जयपुर,9 जनवरी (युआईटीवी)- राजस्थान के मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. श्रीकरणपुर विधानसभा चुनाव में हारने के बाद इस्तीफा दे दिया है। सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. राजस्थान के आईजीएनपी और कृषि विपणन राज्यमंत्री थे। उन्होंने अपने पद से सोमवार को इस्तीफा दे दिया। चुनाव से पहले उन्होंने बतौर उम्मीदवार मंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रचा था। राजभवन के एक बयान में कहा गया कि सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. के इस्तीफे को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्यपाल कलराज मिश्र को भेज दिया है और उन्होंने इस इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
बीजेपी ने हाल ही में मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. को मंत्री बनाया था।कांग्रेस प्रत्याशी की मौत के कारण श्रीकरणपुर सीट के चुनाव को स्थगित करना पड़ा था। पाँच जनवरी को इस सीट पर मतदान हुआ था। चुनाव में सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी रूपिंद्र कुन्नर और बीजेपी प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. के मध्य था।
इस चुनाव में 94,950 वोट कांग्रेस प्रत्याशी रूपिंद्र कुन्नर को मिला,83,667 मत बीजेपी प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. को मिला,11,940 वोट आम आदमी पार्टी के पृथिपाल सिंह को मिला और 1,223 मत निर्दलीय तीतर सिंह को मिला। कांग्रेस उम्मीदवार रूपिंदर सिंह कूनर ने श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. को 11,283 वोटों के अंतर से पराजित किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में कहा कि,” जनादेश को मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टी.टी. ने खुशी से स्वीकार करते हुए अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। फिर भी वे अपने तरफ से हर प्रकार के विकास कार्यों को करते रहेंगे,जिससे उनके निर्वाचन क्षेत्र का विकास हो सकें। ”
