महेंद्र सिंह धोनी

गुजरात और तमिलनाडु में भी धोनी के पूर्व बिजनेस पार्टनर के खिलाफ धोखाधड़ी के मुकदमे

राँची,11 जनवरी (युआईटीवी)- गुजरात और तमिलनाडु में भी क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के पूर्व बिजनेस पार्टनर आरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मिहिर दिवाकर और सौम्या दास के खिलाफ धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हुए हैं। दर्ज मुकदमे में उन पर आरोप हैं कि महेंद्र सिंह धोनी की ओर से करार रद्द कर दिए जाने के बावजूद भी उन्होंने धोनी के नाम पर कई जगहों पर क्रिकेट अकादमी खोलना जारी रखा और अनुचित तरीकों से पैसों का संचय किया है। मिहिर दिवाकर धोनी के साथ खेल चुके हैं और वे रणजी खिलाड़ी भी रहे हैं। मिहिर दिवाकर और सौम्या दास की खिलाफ गुजरात और तमिलनाडु में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हो जाने से उनकी परेशानियाँ और बढ़ सकती हैं।

अहमदाबाद के वस्त्रापुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत एमआर इंटरप्राइजेज नामक कंपनी की ओर से दर्ज करवाया गया है,जिसमें कहा गया है कि वर्ष 2020 में आरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मिहिर दिवाकर और सौम्या दास ने उनसे संपर्क कर कहा कि महेंद्र सिंह धोनी देश के विभिन्न हिस्सों में क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं और उनके पास इसे चलाने के लिए 10 साल का अधिकार है। हमें मिहिर की बातों से प्रोत्साहन मिला और हम इस समझौते के लिए सहमत हो गए। हमने उन्हें गुजरात में क्रिकेट अकादमी खोलने के लिए 10 साल के लिए 45 लाख रुपए बतौर लाइसेंस फीस का भुगतान किया। साथ ही क्रिकेट अकादमी धोनी के नाम पर खोलने के अधिकार मिलने के वजह से हमने 75,000 रुपए प्रतिमाह रॉयल्टी का भी भुगतान किया।

अनुबंध के अनुसार बतौर रॉयल्टी हमने 9.25 लाख रुपये का भुगतान अक्टूबर 2022 किया। शिकायत में कहा गया है कि 1 करोड़ 47 लाख रुपये खेल का मैदान तैयार करने और अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के नाम पर दिया है। 3.50 लाख रुपये का खर्च आरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों की हॉस्पिटैलिटी, होटल और यात्रा भत्ते के रूप में किए। इस तरह अब तक हमने क्रिकेट अकादमी की स्थापना और उसे चलाने के नाम पर कुल 2 करोड़ 11 लाख 75 हजार रुपये खर्च किए।

मिहिर दिवाकर और सौम्या दास के बारे में हमें बाद में पता चला कि धोनी ने उन्हें क्रिकेट अकादमी खोलने का जो अधिकार दिया था,वह 15 अगस्त 2021 को रद्द कर दिया है। ऐसी स्थिति में धोनी के नाम पर किसी भी तरह का वित्तीय लाभ मिहिर दिवाकर और सौम्या दास की आरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट नहीं ले सकता है। होसुर के श्री श्रद्धा एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव चंद्रशेखर ने तमिलनाडु के हुडको पुलिस स्टेशन में भी इसी तरह एक अन्य एफआईआर दर्ज कराई है। 30 जनवरी 2022 को ही यह शिकायत दर्ज कराई गई थी।

दर्ज एफआईआर के अनुसार,उन्होंने आरोप लगाया है कि उनसे 35 लाख रुपए धोनी के नाम का सहारा लेकर लिया गया है। इस संबंध में मिहिर दिवाकर को हुडको पुलिस स्टेशन ने समन भेजकर हाजिर होने को कहा था। पुलिस को अपने शिकायत में चंद्रशेखर ने बताया कि मिहिर ने बताया था कि आरका स्पोर्ट्स धोनी की अधिकृत (ऑथराइज्ड) कंपनी है ।

करीब एक सप्ताह पहले आरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मिहिर दिवाकर और सौम्या दास के खिलाफ क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने दोस्त और प्रतिनिधि सीमांत लोहानी के जरिए राँची की अदालत में करीब 15 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में कहा गया है कि धोनी की ओर से क्रिकेट अकादमी चलाने के लिए दोनों पक्षों के बीच 2017 में जो एग्रीमेंट हुआ था,उसके अनुसार धोनी को आरका स्पोर्ट्स की ओर से फ्रेंचाइजी शुल्क तथा लाभ (प्रॉफिट) का हिस्सा मिलना था। इन शर्तों का आरका स्पोर्ट्स ने पालन नहीं किया। जिससे महेंद्र सिंह धोनी को काफी नुकसान हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *