नई दिल्ली,30 अप्रैल (युआईटीवी)- लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए,चुनावी प्रचार तेज होती जा रही है। दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के पश्चात,तीसरे चरण के चुनाव की तैयारी अब जोर-शोर से हो रही है। आज महाराष्ट्र व तेलंगाना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। जहाँ महाराष्ट्र में पीएम मोदी तीन रैलियों को संबोधित करेंगे,तो वहीं तेलंगाना में होने वाली जनसभा से प्रधानमंत्री आज के चुनाव प्रचार का समापन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र यात्रा के दौरान सुबह 11 बजे माधा में,दोपहर 1 बजे उस्मानाबाद में,दोपहर 2:30 बजे लातूर में सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे शाम 4:30 बजे तेलंगाना के जहीराबाद जिले में एक और सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
वहीं असम, पश्चिम बंगाल और गुजरात में गृहमंत्री अमित शाह एक-एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
गुवाहाटी में असम भाजपा कार्यालय में सबसे पहले गृहमंत्री अमित शाह एक संवाददाता सम्मेलन को सुबह 10 बजे संबोधित करेंगे। उसके बाद एक सार्वजनिक सभा दोपहर 12 बजे पश्चिम बंगाल के कटवा जिले के रसूलपुर में बिष्णुपुर फुटबॉल मैदान में करेंगे और बाद में एक और सभा को शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरोदा गाँव में पंचायत कार्यालय में संबोधित करेंगे।
कर्नाटक में चुनाव प्रचार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा रैलियों को संबोधित करेंगे। वह सबसे पहले एक बौद्धिक बैठक को शिवमोग्गा जिले में सागर रोड के पास पीईएसआईटीएम कॉलेज के प्रेरणा हॉल में संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर तीन बजे वे एक रोड शो करेंगे। रोड शो हावेरी जिले में ब्याडागी में गांधी नगर के पास चंद्रगुटेम्मा देवी मंदिर से सुभाष सर्कल तक होना है।
मध्य प्रदेश में खंडवा जिले और बड़वानी जिले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। खंडवा जिले में पहली जनसभा दोपहर 12:50 बजे होगी,तो बड़वानी जिले में दोपहर 2:20 बजे दूसरी जनसभा होगी।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एम.जे.एस. मैदान में सुबह 11:30 बजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी संयुक्त रूप से एक सार्वजनिक सभा करेंगे।
छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक-एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
सबसे पहले रायपुर (छत्तीसगढ़) में दोपहर 12 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। उसके बाद जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) में दोपहर 2:15 बजे एक सभा होगी। इसके बाद कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के चित्तपुर में वह शाम 6:30 बजे एक सभा को संबोधित करेंगे।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में रादौर विधानसभा क्षेत्र के महाराणा प्रताप भवन में शाम 4 बजे आम आदमी पार्टी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ओर से जुल्म का जवाब वोट से नामक संकल्प सभा होगी।
पश्चिम बंगाल के बेहरामपुर,बीरभूम और आसनसोल जिलों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे।
