प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने समर्थकों का धन्यवाद किया,सोशल मीडिया प्रोफाइल से ‘मोदी का परिवार’ हटाने का किया अनुरोध

नई दिल्ली,12 जून (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के सभी नेताओं और अपने समर्थकों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से ‘मोदी का परिवार’ हटाने का अनुरोध किया है।

‘एक्स’ पर उन्होंने एक पोस्ट में कहा, भारत के लोगों को मैं एक बार फिर से धन्यवाद देता हूँ और उन सभी से अनुरोध करता हूँ कि अब आप अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से ‘मोदी का परिवार’ हटा दें’। साथ ही एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने नई डीपी और कवर इमेज को भी बदल दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून को तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। एक्स पर उन्होंने लिखा,पूरे भारत में लोगों ने चुनाव प्रचार के दौरान मेरे प्रति स्नेह के प्रतीक के रूप में ‘मोदी का परिवार’ अपने सोशल मीडिया पर जोड़ा। मुझे इससे बहुत ताकत मिली। एनडीए को लगातार तीसरी बार भारत के लोगों ने बहुमत दिया है,जो एक तरह से रिकॉर्ड है और अपने देश की बेहतरी के लिए देश के लोगों ने हमें काम करते रहने का जनादेश दिया है।


आगे उन्होंने लिखा कि,हम सभी एक परिवार हैं और प्रभावी ढंग से इस सन्देश को पहुँचाया गया,जिसके लिए भारत के लोगों को मैं एक बार फिर से धन्यवाद करना चाहूँगा। आप सभी से निवेदन है कि आप अब ‘मोदी का परिवार’ अपने सोशल मीडिया प्रॉपर्टी से हटा दें। भारत की प्रगति के लिए प्रयासरत एक परिवार के रूप में हमारा बंधन मजबूत और अटूट है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की रैली को संबोधित करते प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा था कि नरेंद्र मोदी के पास यदि अपना परिवार नहीं है,तो इसमें हम क्या कर सकते हैं? वह राम मंदिर का ढिंढोरा पीटते रहते हैं,वे तो सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा के अनुसार,एक बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवाना होता है,लेकिन मोदी ने तो अपनी माँ के निधन पर ऐसा नहीं किया था।

पीएम मोदी ने लालू यादव के इस बयान पर तेलंगाना के अदिलाबाद की रैली में पलटवार किया था और उन्होंने कहा था कि उनका परिवार देश की 140 करोड़ आबादी है। अपने देश के लिए ही मैं जीऊँगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कई भाजपा मंत्रियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के आगे ‘मोदी का परिवार’ लिख दिया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *