लुसाने,23 अगस्त (युआईटीवी)- लुसाने डायमंड लीग 2024 में पेरिस ओलंपिक 2024 में भाला फेंक में रजत पदक हासिल करने वाले स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने सीजन के सर्वश्रेष्ठ 89.49 मीटर थ्रो के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। फिटनेस संबंधी चिंताओं के बावजूद लुसाने डायमंड लीग 2024 में नीरज चोपड़ा ने अपने आखिरी प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ 89.49 मीटर का प्रयास करके दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने आखिरी प्रयास में 90.61 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया और जर्मनी के जूलियन वेबर ने 88.37 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। यूक्रेन के अर्तुर फेलनर सर्वश्रेष्ठ थ्रो 83.38 मीटर के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 89.45 मीटर की दूरी तय कर रजत पदक जीता था और अब लुसाने डायमंड लीग में उन्होंने इस सीज़न का सर्वश्रेष्ठ और अब तक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया।
थ्रो के चौथे राउंड के अंत तक नीरज चोपड़ा चौथे स्थान पर थे और अपने पाँचवें थ्रो में चोपड़ा 85.58 मीटर की थ्रो कर शीर्ष तीन में जगह पक्की की। डायमंड लीग 2024 अगले महीने ब्रुसेल्स में होने वाली है,जिसके फाइनल के लिए नीरज चोपड़ा ने क्वालीफाई कर लिया है।
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में स्वर्ण तो नहीं जीत सके,लेकिन लगातार दो ओलंपिक में पदक जीत कर भारत के लिए इतिहास रच दिया है। ओलंपिक में लगातार पदक जीतने वाले खिलाड़ी में सुशील कुमार और पी.वी. सिंधु है। 2008 और 2012 के ओलंपिक खेल में पहलवान सुशील कुमार ने कांस्य और रजत पदक जीता। वहीं,रियो ओलंपिक 2016 में पी.वी. सिंधु ने रजत पदक और टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीता था।
भारतीय गोल्डन बॉय और स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में 87.58 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था,लेकिन इस बार के ओलंपिक में अपने पिछले प्रदर्शन से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 89.45 मीटर तक भाला फेंकने पर भी उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पेरिस ओलंपिक 2024 में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर का ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
