प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (तस्वीर क्रेडिट@BJP4India)

पीएम इंटर्नशिप स्कीम के लिए 24 घंटे में 1.55 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया,हर महीने 5 हजार की होगी कमाई

नई दिल्ली,14 अक्टूबर (युआईटीवी)- पीएम इंटर्नशिप स्कीम ने लॉन्च होने के साथ ही जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल कर लिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार,इस स्कीम के तहत पहले 24 घंटों के भीतर ही 1,55,109 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शनिवार को शुरू की गई थी और इस दौरान पोर्टल पर 24 अलग-अलग सेक्टर्स में 90,000 से अधिक इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024 का बजट पेश करते हुए इस इंटर्नशिप स्कीम की घोषणा की थी। इस स्कीम का मुख्य उद्देश्य अगले पाँच वर्षों में लगभग 1 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इसका मकसद युवाओं को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना और कंपनियों को योग्य और प्रशिक्षित उम्मीदवार उपलब्ध कराना है।

इस योजना का एक और बड़ा उद्देश्य देश में बढ़ती युवा बेरोजगारी को दूर करना है। इसके माध्यम से,युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में काम करने के अवसर प्रदान किए जाएँगे। इसके साथ ही यह स्कीम युवाओं को उन कंपनियों से जोड़ने में मदद करेगी जो योग्य और कुशल प्रतिभा की तलाश कर रही हैं।

स्कीम के तहत 24 विभिन्न सेक्टर्स में इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें परिचालन प्रबंधन,उत्पादन,रखरखाव,बिक्री,ऑटोमोटिव,बैंकिंग,तेल,गैस, ऊर्जा,यात्रा तथा आतिथ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

193 से अधिक कंपनियों ने पोर्टल पर इंटर्नशिप के अवसर पोस्ट किए हैं,जिनमें जुबिलैंट फूडवर्क्स,मारुति सुजुकी इंडिया,एलएंडटी,मुथूट फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी शीर्ष निजी कंपनियाँ शामिल हैं। इन कंपनियों के साथ इंटर्नशिप करने का मौका युवाओं के कौशल को निखारने के साथ ही उन्हें रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।

इस स्कीम के पोर्टल पर उम्मीदवारों को आधार-आधारित रजिस्ट्रेशन और बायोडाटा जनरेशन जैसे सुविधाजनक टूल्स प्रदान किए गए हैं। ये टूल्स उम्मीदवारों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध इंटर्नशिप के लिए आसानी से आवेदन करने की सुविधा देते हैं।

पीएम इंटर्नशिप स्कीम का प्रबंधन कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है और यह युवाओं के कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए सरकार की एक परिवर्तनकारी पहल है। स्कीम के तहत चुने गए उम्मीदवारों को एक वर्ष के लिए देश की शीर्ष 500 कंपनियों में इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें 5,000 रुपये प्रतिमाह का भत्ता और 6,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान भी दिया जाएगा।

इस स्कीम के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को हाई स्कूल या हायर सेकेंडरी स्कूल उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके साथ ही उनके पास आईटीआई से प्रमाण पत्र या पॉलिटेक्निक संस्थान से डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा,स्नातक डिग्री जैसे बीए,बीएससी,बीकॉम,बीसीए,बीबीए,बी फार्मा आदि भी स्वीकार्य हैं।

पीएम इंटर्नशिप स्कीम का लक्ष्य 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 737 जिलों में 1.2 लाख से अधिक इंटर्नशिप प्रदान करना है। यह स्कीम न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम करेगी,बल्कि भारत के युवाओं को उनके करियर की दिशा में एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी देगी।

अभ्यर्थी इस स्कीम के लिए pminternship.mcm.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।