एयर इंडिया

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली,डायवर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा

नई दिल्ली,14 अक्टूबर (युआईटीवी)- मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली,जिसके बाद उसे दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई ) पर सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। फिलहाल, विमान की तलाशी जारी है और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियाँ फ्लाइट की गहनता से जाँच कर रही हैं।

इस घटना के बारे में दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी और बताया कि मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे इस विमान को बम की धमकी के कारण दिल्ली डायवर्ट किया गया। सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया के इस विमान ने रात 2 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरी थी। न्यूयॉर्क की ओर जा रहे इस विमान को टेकऑफ के कुछ समय बाद ही बम की धमकी मिली, जिसके बाद विमान को दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया।

यह पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट को बम की धमकी मिली हो। अगस्त महीने में भी मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही एक घरेलू उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी,जो बाद में फर्जी निकली थी। उस घटना के बाद तिरुवनंतपुरम हवाईअड्डे पर आपातकालीन स्थिति उत्पन्न हो गई थी और व्यापक सुरक्षा जाँच की गई थी।

इस प्रकार की घटनाएँ विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं और सुरक्षा एजेंसियाँ यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु ऐसे मामलों में सतर्कता को बढ़ा रही हैं।