राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर बनाई जीत की हैट्रिक (तस्वीर क्रेडिट@mpalwar)

आईपीएल 2026: बारिश के बीच राजस्थान रॉयल्स का जलवा,मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर बनाई जीत की हैट्रिक

गुवाहाटी,8 अप्रैल (युआईटीवी)- बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 के 13वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) को 27 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ राजस्थान ने इस सीजन में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली है और प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है। वहीं,मुंबई इंडियंस को इस सीजन में दूसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम सातवें स्थान पर खिसक गई है।

बारिश के कारण मैच में देरी हुई और मुकाबला 20 ओवर की बजाय घटाकर 11-11 ओवर का कर दिया गया। पहली गेंद रात 10 बजकर 10 मिनट पर डाली गई,जिससे मैच का रोमांच और भी बढ़ गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 3 विकेट खोकर 150 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया,जो छोटे प्रारूप में बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

राजस्थान की पारी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए महज 5 ओवरों में 80 रन की विस्फोटक साझेदारी हुई,जिसने मैच का रुख शुरुआत में ही राजस्थान के पक्ष में कर दिया। वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए,जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल रहा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण की कमर तोड़ दी।

हालाँकि,वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ज्यादा देर टिक नहीं सके और सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उस समय राजस्थान का स्कोर 84 रन पर दो विकेट हो गया था। इसके बाद कप्तान रियान पराग ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पारी को सँभाला और तेजी से रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 37 रन जोड़े। रियान पराग ने 10 गेंदों में 20 रन की तेज पारी खेली,जिसमें तीन शानदार बाउंड्री शामिल थीं।

पारी के अंतिम ओवरों में जायसवाल ने अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा और शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की नाबाद साझेदारी हुई। जायसवाल ने 32 गेंदों में 77 रन की नाबाद पारी खेली,जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी यह पारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।

मुंबई की ओर से गेंदबाजी में गजनफर ने 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए,जबकि शार्दुल ठाकुर को 1 विकेट मिला,लेकिन कुल मिलाकर मुंबई के गेंदबाज राजस्थान के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर रायन रिकलटन का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 10 रन जोड़े। लगातार विकेट गिरने के कारण मुंबई की टीम दबाव में आ गई और 46 रन तक पहुँचते-पहुँचते उसके पाँच विकेट गिर चुके थे।

हालाँकि,इसके बाद शेरफन रदरफोर्ड और नमन धीर ने कुछ हद तक पारी को सँभालने की कोशिश की। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 17 गेंदों में 47 रन की साझेदारी हुई,जिससे मुंबई की उम्मीदें थोड़ी जगीं,लेकिन यह साझेदारी टूटते ही टीम फिर से बिखर गई। रदरफोर्ड और नमन धीर ने 25-25 रन की पारियाँ खेलीं,लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुँचा सके।

राजस्थान की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली रही। नांद्रे बर्गर,संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लेकर मुंबई की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। वहीं जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे को भी 1-1 सफलता मिली।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने यह साफ कर दिया है कि इस सीजन में वह खिताब की प्रबल दावेदार है। टीम की बल्लेबाजी,गेंदबाजी और कप्तानी तीनों ही विभागों में संतुलन नजर आ रहा है। दूसरी ओर,मुंबई इंडियंस को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना होगा, क्योंकि लगातार खराब प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है।

यह मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा,जिसमें बारिश के बावजूद क्रिकेट का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। राजस्थान की यह जीत न केवल टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगी,बल्कि टूर्नामेंट में उनकी दावेदारी को और मजबूत करेगी।