ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (तस्वीर क्रेडिट@RcbianOfficial)

पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम घोषित,मिचेल मार्श सँभालेंगे कप्तानी,तीन युवा खिलाड़ियों को मिला मौका

नई दिल्ली,12 मई (युआईटीवी)- ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्श को सौंपी गई है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे मिचेल मार्श दोनों ही दौरों पर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएँगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले को आगामी अंतर्राष्ट्रीय चुनौतियों को देखते हुए अहम माना जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया को पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है,जबकि इसके बाद मई और जून 2026 में टीम बांग्लादेश दौरे पर जाएगी,जहाँ वनडे और टी20 मुकाबले खेले जाएँगे। चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण तैयार किया है।

टीम चयन में सबसे बड़ी चर्चा तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और मिशेल स्टार्क को आराम दिए जाने को लेकर रही। लगातार क्रिकेट खेलने के कारण इन खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें इस सीरीज से बाहर रखा है। माना जा रहा है कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों और व्यस्त अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

इस बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम में कुछ नए चेहरों को मौका देकर भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है। तेज गेंदबाज बिली स्टैनलेक और रिले मेरेडिथ की टीम में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और विभिन्न टी20 लीगों में अच्छा प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।

इसके अलावा युवा खिलाड़ियों ओली पीक,लियाम स्कॉट और जोएल डेविस को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। चयनकर्ताओं का मानना है कि उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में इन युवा खिलाड़ियों को मौका देना भविष्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

ओली पीक को केवल पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। युवा बल्लेबाज ओली पीक पहले ही अंडर-19 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी कर चुके हैं और उनके नेतृत्व कौशल की काफी तारीफ हुई थी। विश्व कप के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए टीम में भी जगह मिली थी,जहाँ उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।

वहीं लियाम स्कॉट को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। स्कॉट ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था और उन्हें 2025-26 शेफील्ड शील्ड सीजन का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उनके लगातार अच्छे खेल को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका दिया है।

जोएल डेविस को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए शामिल किया गया है। डेविस ने 2025-26 बिग बैश लीग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था और टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया।

आईपीएल 2026 में व्यस्त रहने वाले कुछ खिलाड़ी बाद में टीम से जुड़ेंगे। ट्रैविस हेड, कूपर कॉनॉली, बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा बनेंगे। ये खिलाड़ी ओली पीक,बिली स्टैनलेक, रिले मेरेडिथ और मैट शॉर्ट की जगह टीम में शामिल होंगे।

एक और बड़ा फैसला अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को लेकर लिया गया है। वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके मैक्सवेल को टी20 टीम में भी जगह नहीं दी गई है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि ऑस्ट्रेलिया अब सीमित ओवरों के क्रिकेट में नई पीढ़ी को ज्यादा अवसर देने की रणनीति पर काम कर रहा है।

चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने टीम चयन को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नए खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका देना हमेशा उत्साहजनक होता है। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा और वापसी कर रहे खिलाड़ियों का संतुलन उपमहाद्वीप के चुनौतीपूर्ण दौरे पर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

जॉर्ज बेली ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का भविष्य मजबूत करने के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अवसर देना जरूरी है। उनके अनुसार टीम प्रबंधन इन दौरों को केवल जीत के नजरिए से नहीं,बल्कि भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने के अवसर के रूप में भी देख रहा है।

उपमहाद्वीप की परिस्थितियाँ हमेशा ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं। धीमी पिचों,स्पिन गेंदबाजी और गर्म मौसम में खिलाड़ियों की परीक्षा होती है। ऐसे में चयनकर्ताओं ने ऐसी टीम चुनी है जिसमें अनुभव के साथ युवा ऊर्जा भी मौजूद है। कप्तान मिचेल मार्श के सामने अब बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वह इस नई और मिश्रित टीम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएं।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरा ऑस्ट्रेलिया के कई युवा खिलाड़ियों के करियर के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। अगर ये खिलाड़ी यहाँ अच्छा प्रदर्शन करते हैं,तो आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में उनकी जगह लगभग तय हो सकती है।

फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई टीम के चयन ने क्रिकेट जगत में उत्सुकता बढ़ा दी है और प्रशंसक अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का यह संयोजन उपमहाद्वीप की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन करता है।

पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:

मिचेल मार्श (कप्तान),नाथन एलिस,एलेक्स कैरी,जोश इंग्लिस,कैमरून ग्रीन,मैथ्यू कुहनेमन,रिले मेरेडिथ,मार्नस लाबुशेन,ओलिवर पीक,तनवीर संघा,मैथ्यू रेनशॉ,लियाम स्कॉट,मैट शॉर्ट,बिली स्टैनलेक और एडम जम्पा।

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:

मिचेल मार्श (कप्तान),एलेक्स कैरी,जेवियर बार्टलेट,कूपर कोनोली,नाथन एलिस,बेन ड्वारशुइस,ट्रेविस हेड,कैमरून ग्रीन,जोश इंग्लिस,मार्नस लाबुशेन,मैथ्यू कुहनेमन,मैथ्यू रेनशॉ,तनवीर संघा, लियाम स्कॉट और एडम जम्पा।

बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:

मिचेल मार्श (कप्तान),कूपर कोनोली,जेवियर बार्टलेट,जोएल डेविस,टिम डेविड,नाथन एलिस,एरॉन हार्डी,कैमरून ग्रीन,ट्रेविस हेड,स्पेंसर जॉनसन,जोश इंग्लिस,मैथ्यू कुहनेमैन, रिले मेरेडिथ,जोश फिलिप,मैथ्यू रेनशॉ और एडम जम्पा।