चेन्नई, 8 नवंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)| तमिलनाडु पुलिस की आइडल विंग ने ऑरोविले में एक जर्मन जोड़े के घर से चोल युग की तीन मूर्तियां बरामद की हैं। सोमवार को इंस्पेक्टर इंदिरा के नेतृत्व में एक विशेष टीम द्वारा चलाए गए एक तलाशी अभियान के बाद, भगवान नटराज, अम्मान और चंद्रशेखर की मूर्तियों को 80 वर्षीय पोपो पिंगेल और उनकी पत्नी मोना के आवास से जब्त कर लिया गया।
मूर्तियां घर की पहली मंजिल में छिपी हुई मिलीं।
करोड़ों रुपये की कीमत के कांसे के बारे में एक सूत्र से जानकारी मिलने के बाद आइडल विंग हरकत में आ गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोपो पिंगेल के पास न तो कोई कागजात था और न ही इस बात का जवाब था कि मूर्तियां उसके कब्जे में कैसे आईं।
आईडब्ल्यू सीआईडी के डीजीपी जयंत मुरली ने मंगलवार को कहा, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या जर्मन नागरिक पहले भारत से जर्मनी में प्राचीन मूर्तियों की तस्करी में शामिल था। साथ ही उन लोगों के बारे में भी पूछताछ करेगी, जिनसे उसने मूर्तियों को खरीदा था।
