श्रीनगर, 25 नवंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)| पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पारा लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग (एमईटी) कार्यालय ने शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, घाटी और लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान आज हिमांक बिंदु से नीचे रहा।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4, पहलगाम में शून्य से 3.6 और गुलमर्ग में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख क्षेत्र के द्रास कस्बे में न्यूनतम तापमान माइनस 12.7, कारगिल में माइनस 11.3 और लेह में माइनस 8.8 रहा।
जम्मू और कटरा दोनों में न्यूनतम तापमान 9.8, बटोटे 5.6, बनिहाल 5 और भद्रवाह 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
