नौसेना

समुद्र में पाल वाली एक नौका से भारतीय नौसेना ने 3,300 किलोग्राम ड्रग्स जब्त किया

नई दिल्ली,28 फरवरी (युआईटीवी)- समुद्र में पाल वाली एक नौका से भारतीय नौसेना ने 3,300 किलोग्राम ड्रग्स एक विशेष ऑपरेशन के दौरान जब्त किया है। जब्त की गई नशीली दवाओं के बारे में बताया जा रहा है कि यह सबसे बड़ी खेपों में से एक है। बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि समुद्र में एक संदिग्ध पाल वाली नौका (डाऊ) को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के समन्वय से भारतीय नौसेना ने पकड़ा,जिसमें 3,300 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ ले जाया जा रहा था।

3,300 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थों में से 25 किलोग्राम मॉर्फिन,158 किलोग्राम मेथमफेटामाइन और 3,089 किलोग्राम चरस था। मौजूदा समय में जितने भी नशीली दवाओं का खेप पकड़ा जा रहा है,यह उनमें से अब तक की सबसे बड़ी खेप है।

इस संयुक्त अभियान के बारे में भारतीय नौसेना ने बताया कि,मंगलवार को गुजरात के पोरबंदर के पास भारतीय नौसेना और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने लगभग 3,300 किलोग्राम ड्रग्स एक जहाज से जब्त किया।

भारतीय नौसेना ने मंगलवार को एक छोटे जहाज को रोका और उस जहाज से 25 किलोग्राम मॉर्फिन,158 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 3089 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद किया। जहाज के चालक दल के पाँच सदस्य पाकिस्तानी नागरिक थे,उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

अभी तक जब्त की गई नशीली दवाओं की कुल कीमत के बारे में अधिकारियों ने कुछ भी नहीं बताया है,समाचार एजेंसी पीटीआई ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक किलोग्राम चरस की कीमत ₹ 7 करोड़ बताया।

तस्करी में जिस संदिग्ध डाऊ का उपयोग किया गया था,उसे रोकने के लिए मिशन पर तैनात जहाज को निगरानी मिशन पर पी8आई विमान के इनपुट के आधार पर डायवर्ट किया गया था।

भारतीय नौसेना ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के समन्वय द्वारा जब्त किए गए प्रतिबंधित सामग्री और साथ ही पकड़ी गई नाव और चालक दल को भारतीय बंदरगाह पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि,देश के समुद्री पड़ोस में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतीय नौसेना की समन्वित प्रतिक्रिया हमारे दृढ़ रुख को प्रदर्शित करती है।

भारतीय नौसेना ने अरब सागर और अदन की खाड़ी में जारी समुद्री सुरक्षा स्थिति के जवाब में अपनी विशेष बलों की तैनाती की है।

अधिकारियों ने बताया कि,अरब सागर में भारतीय नौसेना ने सी-130 विमानों से पैराड्रॉपिंग करके विशेष बलों की तैनाती की,ताकि क्षेत्र में समुद्री डकैती रोधी अभियानों को जारी रखा जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *