गाजा

गाजा में युद्ध विराम के पश्चात फिलिस्तीन में एक ही सरकार होगी : फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री

रामल्लाह,11 जुलाई (युआईटीवी)- फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा ने कहा कि गाजा में युद्ध विराम के पश्चात फिलिस्तीन में एक ही प्राधिकरण और सरकार शासन करेगी,जिसका तात्पर्य है कि गाजा और वेस्ट बैंक में एक ही सरकार होगी।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा ने संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों,वाणिज्यदूतों और राजदूतों के साथ रामल्लाह में बैठक की और उन्होंने इस बैठक के दौरान एकता और सहयोग की जरुरत पर विशेष जोर दिया।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ को प्रधानमंत्री ने जो बयान भेजा है उसके अनुसार,जिस दिन गाजा में युद्ध ख़त्म हो जाएगा,उसके अगले दिन फिलिस्तीन को एक ही प्राधिकरण और सरकार के तहत होना चाहिए,भागीदारों के साथ एक टीम के रूप में एक योजना के साथ काम करना चाहिए। ऐसी कोई भी ट्रांजीशन पीरियड नहीं हो सकता है,जिससे जटिलता और कठिनाई उत्पन्न हो।

संयुक्त राष्ट्र संस्थानों तथा अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों से प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा ने आग्रह किया कि वे फिलिस्तीनी सरकार के साथ मिलकर काम करे,जिससे गाजा और वेस्ट बैंक में मानवीय आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकेगा।

इस बीच,कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका,मिस्र,कतर और इजरायल के प्रतिनिधिमंडलों ने फिर से गाजा युद्धविराम वार्ता शुरू करने के लिए बैठक की।

बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के मिडिल ईस्ट के विशेष दूत ब्रेट मैकगर्क के साथ इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बैठक की और इस बैठक के दौरान उन्होंने अपने देश की इस संभावित युद्ध विराम समझौते के लिए प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

गुरुवार को भी कतर की राजधानी दोहा में गाजा युद्धविराम वार्ता जारी रहेगी। इजरायल के अधिकारियों ने कहा है कि कई ऐसे मुद्दे हैं,जिस पर अभी भी चर्चा होना बाकी है, लेकिन कुछ छोटे-मोटे मुद्दों पर सहमति बन गई है। लेकिन,इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल के लिए युद्ध विराम के शुरू होने से पहले यह गारंटी होनी चाहिए कि इजरायल जब तक अपने सभी लक्ष्यों को हासिल नहीं कर लेता है,तब तक यह युद्ध जारी रह सकता है। अभी इस मुद्दे पर सहमति नहीं बनी है।

इसी बीच,जहाँ एक ओर युद्धविराम की बात चल रही है, तो वहीं दूसरी ओर गाजा सिटी में रह रहे लोगों को इजराइली सेना ने गाजा सिटी को खाली करने का फरमान जारी कर दिया है। उत्तरी गाजा में इजरायली सेना द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। गाजा सिटी पर विमान के जरिए पर्चे गिराकर सिटी को खाली करने का फरमान दिया गया है। विमान से गिराए गए पर्चे पर लिखा था, गाजा सिटी में हर किसी को सुरक्षित मार्गों के माध्यम से “खतरनाक युद्ध क्षेत्र” को छोड़ने का निर्देश दिया जाता है। साथ ही कहा गया कि सभी लोग दो सड़क दीर अल-बलाह और अल-जवैदा की सहायता से दक्षिण की ओर चले जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *