रोहित शर्मा और बाबर आजम

चैंपियंस ट्रॉफी 2025: भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी,दुबई या श्रीलंका में भारत के मैचों के आयोजन की संभावना

नई दिल्ली,11 जुलाई (युआईटीवी)- चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन अगले साल फरवरी-मार्च में पाकिस्तान में होने वाला है। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है,जिसे लेकर पाकिस्तान क्रिकेट और पीसीबी को बड़ा झटका लग सकता है। एक तरफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी में जुटा है,वहीं अब सामने आ रही ख़बरों में बताया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी के अपने मुकाबले खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। भारत के मुकाबलों के लिए दो जगहों का चयन किया गया है,लेकिन अभी तक इस पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। इस पर अंतिम निर्णय आईसीसी को लेना है,जिसका इंतजार किया जा रहा है।

इस मामले में आईसीसी से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बात करेगा। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार हाईब्रीड मॉडल के तहत चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हो सकता है। दुबई या श्रीलंका में भारत के मुकाबले आयोजित हो सकते हैं। इससे पहले ऐसा ही एशिया कप में हुआ था। भारत ने श्रीलंका में अपने सभी मैच खेले थे।

आईसीसी से बीसीसीआई मैचों की मेजबानी दुबई या श्रीलंका में करने के लिए बात करेगी। ऐसा भी हो सकता है कि दुबई या श्रीलंका में भारत के मुकाबले हो और बाकी मैचों का आयोजन पाकिस्तान में हो।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,भारतीय टीम का कोई भी खिलाड़ी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 खेलने के लिए पाकिस्तान जाने के लिए तैयार नहीं है। हालाँकि,अभी भी इस पर बातचीत किया जा रहा है। भारत तो चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने के लिए तैयार नहीं है,लेकिन पिछले साल के वनडे विश्व कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत आई थी। इसलिए,इस मामले में अभी और भी बातचीत किए जाने की संभावना है।

आईसीसी को हाल ही में पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी का ड्राफ्ट सौंपा था। मैच का पूरा शेड्यूल भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तैयार कर लिया था। उसने भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लाहौर में आयोजित करने की योजना बनाई थी। 1 मार्च को यह मुकाबला खेला जाना था। यदि भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी,तो उसके योजना पर पानी फिर जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के सभी मैचों का आयोजन लाहौर में करने का योजना बनाया था।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान ने तैयारी शुरू कर दी है। मैदानों को ठीक करवाने के लिए उसने करोड़ों रुपए खर्च करने की योजना बनाई है। इसके लिए पीसीबी ने काम भी शुरू कर दिया है। बता दें कि ग्रुप ए में भारत,पाकिस्तान,बांग्लादेश और न्यूजीलैंड है,जबकि ऑस्ट्रेलिया,इंग्लैंड,दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान को ग्रुप बी में रखा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *