उत्तराखंड सीएम धामी और पीएम मोदी

उत्तराखंड में भारी बारिश बनी आफत,उत्तराखंड आपदा पर पीएम मोदी बनाए हुए हैं नजर,केदारनाथ में मध्य प्रदेश के 51 लोग एयरलिफ्ट हुए

देहरादून,2 अगस्त (युआईटीवी)- उत्तराखंड में कई जिलों में पिछले कई घंटों से भारी बारिश का सिलसिला जारी है,जिससे भूस्खलन की आपदा उत्पन्न हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपदा से उत्पन्न स्थिति पर स्वयं नजर रखे हुए हैं और लगातार अपडेट ले रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मौजूदा स्थिति पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी नजर रखे हुए हैं।

एयर फोर्स का चिनूक एमआई 17 रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया है। तीन टैंकर एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की मदद भी भेजी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर हर संभव मदद मुहैया कराने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही भारी बारिश और आपदा से उत्पन्न स्थिति पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी जानकारी ली है।

अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री लगातार स्थिति का अपडेट ले रहे हैं। प्रभावित क्षेत्र का उन्होंने दौरा किया और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं एसडीआरएफ ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फँसे यात्रियों को रेस्क्यू करने के लिए देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया।

मुनकटिया क्षेत्र से देर रात को 450 यात्रियों को सकुशल सोनप्रयाग पहुँचाया गया। अब तक प्रभावित क्षेत्रों से 2200 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। रेस्क्यू ऑपरेशन आज भी जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश के 51 लोगों को केदारनाथ से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाला गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि चारधाम की यात्रा के दौरान राज्य के 61 यात्री केदारनाथ के त्रासदी में फँस गए,जिनमें से 51 यात्रियों को एयरलिफ्ट करके सुरक्षित रुद्रप्रयाग पहुँचाया गया है।

बाकी बचे 10 यात्रियों के बारे में मुख्यमंत्री ने बताया कि वे सभी केदारनाथ में ही सुरक्षित जगह पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक,शिवपुरी के बदरवास क्षेत्र के कुल 61 लोग केदारनाथ दर्शन के लिए एक बस तथा अन्य चार पहिया वाहन से गए थे। भूस्खलन के कारण वे सभी वहाँ फँस गए।

इसके बाद उत्तराखंड सरकार से मध्य प्रदेश सरकार ने संपर्क कर उन सभी को एयरलिफ्ट कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने तरफ से पूरा प्रयास कर रही है कि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो। धार्मिक यात्रा के दौरान यह घटना वर्षा जनित कठिनाइयों के कारण उत्पन्न हुई है,सभी यात्री ठीक हैं।

प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहने की संभावना है। उत्तरकाशी जिले में कई जगहों पर मौसम विभाग ने भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ये येलो अलर्ट गढ़वाल मंडल में उत्तरकाशी,देहरादून,रुद्रप्रयाग,चमोली जिलों के लिए तथा कुमाऊं मंडल में बागेश्वर और नैनीताल जिले के लिए जारी किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *