नई दिल्ली,2 नवंबर (युआईटीवी)- आईपीएल 2025 के लिए सभी 10 टीमों ने बीते गुरुवार (31 अक्टूबर) को रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की। इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) का फैसला सबसे ज्यादा चौंकाने वाला था, क्योंकि उन्होंने पिछले सीजन (आईपीएल 2024) के चैंपियन कप्तान श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया। कोलकाता फ्रेंचाइजी के ऐसे कदम उठाने के फैसले के बाद प्रशंसकों और विशेषज्ञों के बीच सवाल उठने लगे हैं।
केकेआर के सीईओ वैंकी मैसूर ने रेवस्पोर्ट्ज को दिए एक हालिया इंटरव्यू में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि श्रेयस अय्यर को रिलीज करने के पीछे कई कारण थे, जिनमें वित्तीय पहलू भी शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि ऑक्शन में ही किसी खिलाड़ी की असली वैल्यू का पता चलता है। उनके इस बयान से स्पष्ट हो गया कि अय्यर को पैसों की वजह से टीम से बाहर किया गया है।
वहीं, कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि आईपीएल 2025 से पहले अय्यर ने रिटेंशन के लिए केकेआर से काफी अधिक पैसों की माँग की थी। मैसूर ने यह भी कहा कि अय्यर उनकी रिटेन लिस्ट में पहले नंबर पर थे,लेकिन कुछ कारणों के चलते वह टीम में बने नहीं रह सके।
मैसूर ने साक्षात्कार में कहा कि,वह कप्तान हैं,इसलिए हमारी लिस्ट में वह पहले स्थान पर थे। हमें लीडरशिप के चारों ओर सब कुछ बनाना था। उनका चयन हमने 2022 के लिए किया था। दुर्भाग्य से,साल 2023 में वह चोटिल हो गए। जब वह वापस आए, तो उन्हें उनकी कप्तानी वापस मिल गई। हमने स्पष्ट कर दिया था कि आपके आने के बाद यह आपकी होगी। इसलिए वह टीम का अभिन्न हिस्सा रहे और उन्होंने शानदार काम किया।
श्रेयस अय्यर ने अब तक आईपीएल में दो टीमों के लिए खेला है। आईपीएल 2015 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स से डेब्यू किया और साल 2021 तक वहीं रहे। उसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स में आए। अब देखना यह होगा कि टूर्नामेंट में उनकी तीसरी टीम कौन सी होगी और आगे के सत्रों में उनका प्रदर्शन कैसा रहेगा।
