आईपीएल 2025 फाइनल 3 जून को अहमदाबाद में (तस्वीर क्रेडिट@iamnaseem_1)

आईपीएल 2025 प्लेऑफ कार्यक्रम घोषित: फाइनल 3 जून को अहमदाबाद में,मुल्लांपुर में होंगे क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर

नई दिल्ली, 21 मई (युआईटीवी)- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के प्लेऑफ चरण का औपचारिक ऐलान कर दिया है। पूरे सीजन की प्रतीक्षा के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें रोमांच से भरपूर इन अंतिम मुकाबलों पर टिकी हैं। इस साल का फाइनल मुकाबला 3 जून को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

70 एक्शन से भरपूर लीग मुकाबलों के बाद अब प्लेऑफ का समय आ गया है,जहाँ चार शीर्ष टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। इस बार प्लेऑफ की शुरुआत होगी 29 मई को,जब क्वालीफायर 1 में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में आमने-सामने होंगी। इसके ठीक अगले दिन यानी 30 मई को वहीं पर तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा।

इसके बाद क्वालीफायर 2 का मुकाबला 1 जून को अहमदाबाद में खेला जाएगा। क्वालीफायर 1 की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम के बीच क्वालीफायर 2 का मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के विजेता को मिलेगा फाइनल में खेलने का मौका,जहाँ वह खिताबी मुकाबले में क्वालीफायर 1 की विजेता टीम से भिड़ेगा।

ग्रैंड फिनाले,जो इस बार टाटा आईपीएल के 18वें संस्करण का समापन करेगा, मंगलवार,3 जून को अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम एक बार फिर से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सबसे महत्वपूर्ण मुकाबलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले भी यह मैदान आईपीएल 2022 और आईपीएल 2023 में फाइनल की मेजबानी कर चुका है। खास बात यह रही कि 2022 में,जब गुजरात टाइटन्स ने अपने डेब्यू सीजन में खिताब जीता था,उस समय कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते अहमदाबाद को केवल दो मैच (क्वालीफायर 2 और फाइनल) तक सीमित किया गया था,लेकिन यही दो मैच गुजरात टाइटन्स के लिए बेहद यादगार साबित हुए थे। 2023 में भी इसी मैदान ने फाइनल की मेजबानी की थी और अब एक बार फिर यह मैदान रोमांच और इतिहास का गवाह बनने को तैयार है।

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने प्लेऑफ स्थलों का चुनाव करते समय मौसम की स्थिति और अन्य तकनीकी मापदंडों को ध्यान में रखा। पहले हैदराबाद और कोलकाता को अंतिम चार मुकाबलों की मेजबानी देनी थी,लेकिन टूर्नामेंट के दौरान एक सप्ताह के निलंबन और बदलती मौसमीय परिस्थितियों के कारण नई जगहों का चयन किया गया।

मौसम के असर को देखते हुए बीसीसीआई ने मैच नंबर 65,जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाना था, उसे बेंगलुरु से लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया है। बेंगलुरु में लगातार खराब मौसम और बारिश की चेतावनी के चलते यह निर्णय लिया गया।

इसके अलावा प्लेऑफ के अलावा लीग चरण के शेष मुकाबलों के लिए भी 20 मई से एक अतिरिक्त घंटे का समय निर्धारित किया गया है,ताकि किसी भी प्रकार की मौसम जनित बाधा से निपटा जा सके।

अब तक के प्रदर्शन के आधार पर तीन टीमों गुजरात टाइटन्स (जीटी),रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।

चौथे स्थान के लिए मुंबई इंडियंस (एमआई) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। दोनों टीमें अंक तालिका में करीबी अंतर पर बनी हुई हैं और अगले कुछ मैचों के प्रदर्शन पर उनकी किस्मत निर्भर करेगी।

टाटा आईपीएल 2025 अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है और अब असली जंग शुरू होने जा रही है। लीग चरण के शानदार मुकाबलों के बाद प्लेऑफ के ये चार मैच आईपीएल की असली पहचान ड्रामा, थ्रिल और एंटरटेनमेंट का चरम स्तर पेश करेंगे। अहमदाबाद और मुल्लांपुर जैसे नए और पुराने मैदानों पर खेले जाने वाले ये मुकाबले निश्चित तौर पर क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बनने जा रहे हैं।