नई दिल्ली, 21 मई (युआईटीवी)- एनटीआर जूनियर के 42वें जन्मदिन के मौके पर उनके प्रशंसकों को एक शानदार तोहफा मिला है। मंगलवार को ‘वॉर 2’ के निर्माताओं ने फिल्म का पहला धमाकेदार टीज़र रिलीज़ किया,जिसमें बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन और साउथ के मेगा स्टार जूनियर एनटीआर पहली बार साथ में नज़र आ रहे हैं। टीज़र में दोनों अभिनेताओं के जबरदस्त एक्शन सीन ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया है और सोशल मीडिया पर यह टीज़र तेज़ी से वायरल हो रहा है।
टीज़र में ऋतिक और एनटीआर जूनियर की एक साथ स्क्रीन पर मौजूदगी ने प्रशंसकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है,जहाँ एक ओर ऋतिक अपने पुराने अंदाज़ में एक्शन करते नज़र आ रहे हैं,वहीं दूसरी ओर जूनियर एनटीआर का स्क्रीन प्रजेंस दर्शकों के लिए किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं है। दोनों के बीच जबरदस्त फाइट सीक्वेंस और बंदूकों से सजी भिड़ंत को देख प्रशंसक पहले ही अंदाज़ा लगा रहे हैं कि यह फिल्म अपने पहले पार्ट से भी ज़्यादा एक्शन और थ्रिल से भरपूर होगी।
ऋतिक रोशन ने टीज़र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “शांति खत्म, तूफान शुरू हो गया है।” यह कैप्शन फिल्म के मूड को पूरी तरह से बयान करता है। वहीं,जूनियर एनटीआर ने लिखा, “फायर को दोगुना करें,रोष को दोगुना करें। अपनी साइड चुन लें।” दोनों सितारों के इन बयानों ने फिल्म के प्रति दर्शकों की जिज्ञासा और भी बढ़ा दी है।
It takes 2 to start a war. Pick a side! Watch #War2Teaser now #War2 only in theatres from 14th August. Releasing in Hindi, Telugu and Tamil.
Hindi: https://t.co/nPzC4EkrdL
Telugu: https://t.co/N6dpQGbND4
Tamil: https://t.co/PG3LrWpUUt pic.twitter.com/KUo4yzIguP— Yash Raj Films (@yrf) May 20, 2025
हालाँकि,टीज़र का फोकस मुख्य रूप से ऋतिक और जूनियर एनटीआर पर रहा, लेकिन अभिनेत्री कियारा आडवाणी की झलक ने भी प्रशंसकों के दिल जीत लिए हैं। टीज़र में कियारा के केवल दो सीन दिखाए गए हैं,लेकिन उनके ग्लैमरस और दमदार लुक ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि फिल्म में उनका किरदार खास होने वाला है।
‘वॉर 2’ को आयान मुखर्जी निर्देशित कर रहे हैं,जो इससे पहले ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी विजुअली दमदार फिल्म बना चुके हैं। फिल्म को हिंदी,तमिल और तेलुगू में 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा। इस बार ‘वॉर’ फ्रेंचाइज़ी में साउथ इंडस्ट्री के स्टार को शामिल करना यशराज फिल्म्स की बड़ी रणनीति मानी जा रही है,ताकि यह फिल्म पैन इंडिया ऑडियंस को आकर्षित कर सके।
बता दें कि 2019 में आई फिल्म ‘वॉर’ को दर्शकों ने खूब सराहा था। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया था और यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की तीसरी किस्त थी। इसमें ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ मुख्य भूमिका में थे,जबकि वाणी कपूर और आशुतोष राणा भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखे थे। फिल्म का जबरदस्त एक्शन, हाई ऑक्टेन ड्रामा और ट्विस्ट से भरपूर कहानी ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई की थी।
‘वॉर 2’ न केवल एक नई कहानी के साथ आएगी,बल्कि इस बार दो पावरफुल स्टार्स को आमने-सामने लाकर दर्शकों को रोमांच का एक अलग स्तर देने वाली है। प्रशंसक पहले ही सोशल मीडिया पर इसे “अब तक का सबसे बड़ा एक्शन मुकाबला” बता रहे हैं। यशराज फिल्म्स के वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स का यह अगला अध्याय निश्चित रूप से 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बन चुका है।
अब सबकी निगाहें 14 अगस्त पर टिकी हैं,जब वॉर 2 बॉक्स ऑफिस पर अपने एक्शन का तूफान लेकर आएगी।
