मुंबई,13 सितंबर (युआईटीवी)- करीना कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म सुजॉय घोष की “जाने जान” की रिलीज़ की तैयारी में जुटी हुई है। यह 21 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इसी बीच इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए एक इंटरव्यू में करीना कपूर खान ने अपने बेटे का नाम तैमूर अली खान रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
2016 में जब करीना कपूर खान ने जब अपने बेटे का नाम तैमूर अली खान रखा था तो लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया था। अब सालों बाद उस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए बेबो करीना ने खुलासा किया है और अपने बेटे का नाम तैमूर अली खान रखने का असली वजह बताई है।

इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए एक इंटरव्यू में करीना ने कहा कि ” तैमूर नाम रखने के पीछे एक ख़ास वजह थी। सैफ के एक पड़ोसी दोस्त थे,जिनके साथ वह बड़े हुए हैं । उनका नाम तैमूर था। सैफ उन्हें और उनके नाम दोनों को बहुत पसंद करते थे। इस वजह से सैफ कहते थे कि ‘ अगर मेरा बेटा हुआ तो मैं उसका नाम तैमूर रखूँगा,क्योंकि मेरा बेटा मेरा पहला दोस्त होगा।’ इस नाम का और किसी भी चीज़ से कोई भी लेना-देना नहीं है। जब मैंने देखा कि मेरे बेटे की वजह से लोग हमें बुरा-भला कह रहे हैं,तो मैं सदमे में चली गई। मैं अस्पताल में जोर-जोर से रो रही थी। मुझे अभी तक यह समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों हुआ था। हम किसी को भी ठेस नहीं पहुँचाना चाहते थे। मैं बस यही कहना चाहूँगी कि किसी भी माँ और उसके बच्चे को ऐसी चीज़ों से गुजरना न पड़े। ‘
करीना ने अभिनेता सैफ अली खान से मुंबई में अक्टूबर 2012 में शादी की थी और अपने पहले बच्चे तैमूर अली खान को 2016 में जन्म दिया था। साल 2021 में इन्होंने जेह को जन्म दिया जिनका पूरा नाम जहांगीर अली खान है।
21 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली फिल्म “जाने जान” में करीना कपूर खान के साथ विजय वर्मा और जयदीप अहलावत हैं।
