लोक सभा ने भारत के जी-20 देशों के अध्यक्ष बनने पर देश की जनता को दी बधाई

नई दिल्ली, 7 दिसंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन बुधवार को लोक सभा ने भारत के जी-20 देशों के अध्यक्ष बनने पर भारत सरकार और देश की जनता को बधाई दी। लोक सभा अध्यक्ष ने पूरे सदन की ओर से बधाई देते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव काल में यह महत्वपूर्ण वैश्विक दायित्व भारत को मिलना गर्व का विषय है और भारत, संपूर्ण विश्व में नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाएगा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सांसदों ने मेजें थपथपाकर अध्यक्ष की बात का समर्थन करते हुए बधाई दी।

बिरला ने जी-20 की अध्यक्षता भारत को मिलने, 2023 में भारत में होने वाले जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और जी-20 देशों के संसदों के पीठासीन अधिकारियों के शिखर सम्मेलन को आजाद भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि इस सम्मेलन का विषय भारत की आस्था वसुधैव कुटुम्बकम के अनुरूप ही ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए भारत को अपनी समृद्ध, बहुरंगी, सांस्कृतिक विरासत और जीवंत लोकतंत्र की शक्ति को विश्व के समक्ष रखने का भी अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *